गया जी जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के बजौल गांव में धान रोपने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद खेत में काम कर रहे लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. मृतक की पहचान मोतिहारी जिले के चिरैया थाना क्षेत्र के खोरा गांव निवासी संतोष राय के 19 वर्षीय पुत्र विपुल कुमार के रूप में हुई है.
धान रोपनी के दौरान पानी पीने गया था युवक
जानकारी के अनुसार विपुल कुमार अन्य मजदूरों के साथ बजौल गांव में धान रोपने का काम कर रहा था. इसी दौरान प्यास लगने पर वह खेत के समीप लगे सबमर्सिबल के पास पानी पीने के लिए गया. बताया जाता है कि सबमर्सिबल के आसपास बिजली का करंट प्रवाहित हो रहा था. जैसे ही युवक सबमर्सिबल के संपर्क में आया, वह करंट की चपेट में आ गया.
तेज झटके से मौके पर ही हुई मौत
करेंट का झटका इतना तेज था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आसपास खेतों में काम कर रहे मजदूरों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.
परिजनों को सूचना और कोहराम
लोगों ने घटना की सूचना उसके परिजनों को दी. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Also Read : डीडीयू रेल मंडल में ट्रैफिक विभाग के 44 रेलकर्मियों का तबादला, गया जंक्शन के कई अधिकारी भी बदले
