गोलीकांड में युवक की मौत, हत्या या आत्महत्या पर सस्पेंस, पुलिस जांच में जुटी

Gaya News: आमस थाना क्षेत्र के बैदा गांव में गोली लगने से 32 वर्षीय युवक मो. रिजवान की मौत हो गई. घटना को लेकर परिजनों के अलग-अलग बयान सामने आए हैं, जिससे मामला उलझ गया है.

Gaya News(नवीन कुमार मिश्रा): आमस थाना क्षेत्र के बैदा गांव में गोली लगने से एक युवक की मौत हो जाने का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान शेरघाटी शहर के रमना मेला मुहल्ला निवासी मो. रिजवान उर्फ लड्डू (32 वर्ष), पिता मो. शकील अहमद के रूप में हुई है. घटना सोमवार की बताई जा रही है. युवक अपने पुश्तैनी गांव बैदा गया हुआ था, जहां उसे गोली लगी और उसकी मौत हो गई.

स्वयं को गोली मार ली थी

घटना को लेकर परिवार के सदस्यों के अलग-अलग बयान सामने आने से मामला उलझ गया है. मृतक के भाई मो. तनवीर ने बताया कि रिजवान ने स्वयं को गोली मार ली थी, जिससे उसकी मौत हुई. वहीं मृतक की मां का आरोप है कि उनके बेटे की हत्या की गई है. परिजनों के विरोधाभासी बयानों के कारण पुलिस को जांच में कई बिंदुओं पर पड़ताल करनी पड़ रही है.

पारिवारिक पहलुओं की भी जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही शेरघाटी के रमना मेला स्थित मृतक के घर पर सर्किल इंस्पेक्टर नेयाज अहमद और एसएचओ मोहन कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे तथा परिजनों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई. पुलिस ने मृतक के सामाजिक और पारिवारिक पहलुओं की भी जांच शुरू कर दी है. शेरघाटी थानाध्यक्ष मोहन कुमार ने बताया कि घटना स्थल आमस थाना क्षेत्र के बैदा गांव में है. इसलिए इस मामले में प्राथमिकी वहीं दर्ज की जाएगी.

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

शेरघाटी और आमस थाना की पुलिस संयुक्त रूप से विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है. फिलहाल आत्महत्या और हत्या दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. मृतक वर्तमान में शेरघाटी के रमना मेला मुहल्ला में रहता था. उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल अस्पताल गया भेजा दिया गया है. बता दें कि उसके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं. घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है और इलाके में भी शोक का माहौल है.

पुलिस मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी

इधर स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं. कुछ लोगों का कहना है कि मामला संदेहास्पद प्रतीत होता है. लोगों ने यह भी सवाल उठाया है कि गोली लगने के बाद युवक को तत्काल अस्पताल क्यों नहीं ले जाया गया. उनका मानना है कि समय पर इलाज मिलने पर उसकी जान बचाई जा सकती थी. फिलहाल पुलिस जांच रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है.

Also Read: गया में जमीन कारोबारी की बेरहमी से हत्या, पथरौरा हाईवे के पास शव मिलने से सनसनी, पैसों के लेन-देन का था विवाद!

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kumarsuryakant

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >