Dumaria Youth Climbs Mobile Tower : गया जी जिले के डुमरिया प्रखंड क्षेत्र के बतारसपुर गांव निवासी 24 वर्षीय मेराज अहमद गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे पोखरपुर गांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया. युवक के टावर के ऊपरी हिस्से तक पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई.
सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करने की बात
बताया जा रहा है कि टावर पर चढ़ने के बाद मेराज ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया. इसमें वह अपने माता-पिता और परिजनों से अपनी बात मानने की अपील करता नजर आया. वीडियो के फैलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की समझाइश
घटना की सूचना मिलने के बाद बोधी बिगहा थानाध्यक्ष प्रियंदन आलोक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने काफी देर तक युवक से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी युवक से शांत होकर टावर से नीचे उतरने की अपील की.
तीन साल से प्रेम संबंध की बात
परिजनों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, मेराज का करीब तीन वर्षों से नौडीहा थाना क्षेत्र के सराईडीह गांव की एक युवती से प्रेम संबंध बताया जा रहा है. शादी को लेकर बात नहीं बनने के कारण युवक के परेशान होने की बात सामने आई है. हालांकि पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामले को प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया है.
परिजनों ने भी युवक से नीचे उतरने की अपील की
घटना की जानकारी मिलने के बाद मेराज के माता-पिता और अन्य परिजन भी मौके पर पहुंचे. परिजनों ने भावुक होकर उसे टावर से नीचे उतरने के लिए समझाया. पुलिस, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने लगातार बातचीत कर युवक को सुरक्षित नीचे उतरने के लिए राजी किया.
करीब से समझाने के बाद सुरक्षित नीचे उतरा
लगातार समझाइश के बाद मेराज सुरक्षित मोबाइल टावर से नीचे उतर आया. इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली. युवक को सुरक्षित नीचे उतारने में महुड़ी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि श्रीराम वर्मा, सरपंच रामबली पासवान, पूर्व मुखिया मनोज पासवान, गौतम प्रकाश, ज्ञान और डॉ. कैलाश प्रसाद समेत कई लोगों ने सहयोग किया.
आवेदन मिलने पर होगी आगे की कार्रवाई
बोधी बिगहा थानाध्यक्ष प्रियन्दन आलोक ने बताया कि बतारसपुर गांव निवासी मेराज पोखरपुर गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया था. उसे समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है. प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. थानाध्यक्ष के अनुसार, अभी तक इस संबंध में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : गया रेलवे स्टेशन पर 17.82 किलो गांजा के साथ पटना का युवक गिरफ्तार, ओडिशा से दिल्ली तक तस्करी का दावा
