गया जी: बेलागंज में यमुना नदी में डूबे 19 वर्षीय चंदन का शव 20 घंटे बाद बरामद, एसडीआरएफ ने चार घंटे चलाया था सर्च ऑपरेशन

बेलागंज में यमुना नदी में डूबे 19 वर्षीय चंदन कुमार का शव 20 घंटे बाद बरामद हुआ. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, परिवार में मातम का माहौल है.

Gaya Ji News: जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत यमुना नदी में मंगलवार को डूबे 19 वर्षीय युवक चंदन कुमार का शव करीब 20 घंटे बाद बुधवार को नदी से बरामद कर लिया गया. शव मिलने की सूचना मिलते ही बेलागंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव को अंत्यपरीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया भेज दिया गया. मृतक की पहचान बेलागंज बाजार निवासी रामप्रवेश यादव के 19 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है.

दोस्तों के साथ नहाने के दौरान गहरे पानी में समा गया था युवक

घटना के संबंध में बताया जाता है कि मंगलवार को चंदन कुमार अपने चार दोस्तों के साथ यमुना नदी के समीप स्नान करने गया था. नदी में नहाने के दौरान चंदन अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज धारा व गहराई के कारण डूबने लगा. साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को घटना की सूचना दी. स्थानीय लोग तुरंत नदी की ओर दौड़े और अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका.

एसडीआरएफ की चार घंटे की मशक्कत रही थी विफल

घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन द्वारा राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम को मौके पर बुलाया गया था. मंगलवार को एसडीआरएफ की विशेष टीम ने करीब चार घंटे तक नदी के विभिन्न हिस्सों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अंधेरा होने और पानी के बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी. इसके बाद बुधवार को नदी किनारे युवक का शव उपलाता हुआ देखा गया, जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकाला गया.

परिजनों में मचा कोहराम, आपदा प्रबंधन से मिलेगा मुआवजा

युवक का शव बाहर निकलते ही परिजनों की चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. होनहार युवक की असामयिक मृत्यु से पूरे बेलागंज बाजार में शोक की लहर दौड़ गई. इस संबंध में अंचलाधिकारी (सीओ) सुधीर तिवारी ने बताया कि घटना अत्यंत दुखद है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विधिक प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत आपदा प्रबंधन विभाग के तय प्रावधानों के तहत मृतक के आश्रित परिवार को सरकारी सहायता और उचित मुआवजा राशि शीघ्र उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजीत कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >