Gaya ji News : गया जिले के बुनियादगंज थाना क्षेत्र के नौधरिया गांव में 23 वर्षीय विवाहिता पूजा देवी की संदिग्ध मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. मृतका के पिता ने बेटी को जबरन जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति और सास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है.
पिता ने लगाया हत्या का आरोप
शेखपुरा जिले के अरियरी थाना क्षेत्र के जाखोर गांव निवासी नरेश नट ने बुनियादगंज थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनकी पुत्री पूजा देवी को ससुराल वालों ने जबरन जहर देकर मार डाला. पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पति और सास गिरफ्तार, दो आरोपित फरार
मामले की जांच कर रहे ट्रेनी डीएसपी सह अनुसंधानकर्ता सौरव ने घटना में संलिप्तता के आरोप में मृतका के पति सूरज सपेरा और सास चुनरिया देवी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. वहीं, फरार ससुर टुनटुन नट और देवर नीरज नट की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
घरेलू विवाद के बाद हुई थी संदिग्ध मौत
पुलिस के अनुसार, घटना से पहले पूजा देवी और उसके पति के बीच किसी बात को लेकर घरेलू विवाद हुआ था. इसके बाद पूजा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी में ससुराल पक्ष का कहना था कि महिला ने गुस्से में स्वयं जहर खा लिया था और इसकी जानकारी परिवार के अन्य लोगों को नहीं हो सकी.
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और अन्य उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है.
