गया-रजौली मुख्य सड़क मार्ग पर राघोपुर के समीप शुक्रवार की सुबह सड़क किनारे एक महिला बेहोशी की हालत में मिली. महिला के सड़क किनारे पड़े होने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. ग्रामीणों की मदद से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर में भर्ती कराया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे गया रेफर कर दिया.
महिला की पहचान टनकुप्पा प्रखंड के बरूवा गांव निवासी नगिया देवी के रूप में हुई. महिला के पुत्र गोरे ने बताया कि उनकी मां गुरुवार की शाम घर से घर से निकली थीं. रात भर परिजनों ने उनकी तलाश की. लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका.
शुक्रवार की सुबह सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिलने पर उनकी पहचान हो सकी. फिलहाल महिला का इलाज गया में चल रहा है. वह अपने घर से करीब आठ किलोमीटर दूर राघोपुर तक कैसे पहुंचीं और बेहोशी की हालत में सड़क किनारे कैसे मिलीं. इसका पता नहीं चल सका है. देर शाम तक महिला को होश नहीं आया था.
