अस्पताल में बंध्याकरण के दौरान महिला की मौत पर जमकर हंगामा

लापरवाही. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी का मामला

लापरवाही. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी का मामला

परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप

ऑपरेशन के बाद मरीज को होश नहीं आया, तो मगध मेडिकल गया किया रेफर

प्रतिनिधि, डोभी. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) डोभी में सोमवार को बंध्याकरण अभियान के दौरान 24 वर्षीय महिला गौरी देवी की मौत हो गयी. परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगा जमकर हंगामा किया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया और प्राथमिकी दर्ज करने का आश्वासन दिया. जानकारी के अनुसार, बहेरा थाना क्षेत्र के बाड़ीकेवाल जंगल में झोपड़ी बनाकर रहने वाली गौरी देवी अपनी चार नन्ही बेटियों और वृद्ध सास के साथ जीवन यापन करती थी. गौरी देवी के भाई करण मांझी ने बताया कि दोपहर में डॉक्टर अमित कुमार ने गौरी देवी का बंध्याकरण ऑपरेशन किया. वार्ड में शिफ्ट करने के बाद से वह बेहोश थीं और शरीर से खून बहना बंद नहीं हुआ था. प्रतिमा देवी (गौरी की बहन) और सास समेत परिजनों ने कई बार डॉक्टरों को सूचित किया कि मरीज का होश नहीं आ रहा है. खून बह रहा है, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया. सोमवार की देर रात तक जब मरीज को होश नहीं आया, तो डोभी पीएचसी के डॉक्टर अमित कुमार ने मगध मेडिकल कॉलेज गया जी रेफर कर दिया. वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने गौरी देवी को मृत घोषित कर दिया. आक्रोशित परिजनों ने रात को ही शव को पीएचसी डोभी ले जाकर हंगामा मचाया. डोभी पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को शांत किया. प्राथमिकी दर्ज करने और जांच का भरोसा दिलाने पर परिजन शांत हुए. इसके बाद देर रात को ही शव को मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल ले जाया गया, जहां मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया गया. अंतिम संस्कार मंगलवार को ससुराल बहेरा थाना क्षेत्र के गांगी स्थित निलांजन नदी तट पर किया गया.

क्या कहते हैं चिकित्सा प्रभारी

पीएचसी के चिकित्सक प्रभारी शिवशंकर झा ने बताया कि गौरी देवी की मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा. ऑपरेशन सामान्य रूप से हुआ था, लेकिन रेफरल के समय मरीज की हालत गंभीर हो चुकी थी. जांच में दोषी पाये जाने पर कार्रवाई की जायेगी. प्रखंड में बंध्याकरण अभियानों के दौरान सरकारी अस्पताल में ऐसी घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं और लोगों में चर्चा बनी हुई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Roshan Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >