Gaya Ji News: वागेश्वरी गुमटी के पास निर्माणाधीन रेल ओवरब्रिज (आरओबी) परियोजना में गुरुवार देर रात उस समय बाधा उत्पन्न हो गई, जब निर्माण कंपनी के प्लांट और बेस कैंप कार्यालय को जोड़ने वाले मार्ग पर स्थित एक पुरानी जर्जर पुलिया भारी वाहनों के लगातार आवागमन के कारण क्षतिग्रस्त हो गई. पुलिया टूटने से कुछ समय के लिए निर्माण सामग्री की ढुलाई प्रभावित हुई और आरओबी निर्माण कार्य भी बाधित हो गया.
भारी वाहनों के दबाव से टूटी पुलिया
जानकारी के अनुसार, निर्माण स्थल तक स्टोन चिप्स और अन्य निर्माण सामग्री पहुंचाने वाले भारी वाहनों का लगातार दबाव पुरानी पुलिया नहीं झेल सकी. पुलिया क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही निर्माण कंपनी की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराया.
ह्यूम पाइप डालकर तैयार किया गया अस्थायी मार्ग
निर्माण कंपनी ने क्षतिग्रस्त पुलिया की जगह बड़े ह्यूम पाइप डालकर अस्थायी मार्ग तैयार किया, जिससे भारी वाहनों की आवाजाही फिर से सुचारू हो गई.
प्रोजेक्ट मैनेजर संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिया काफी पुरानी और जर्जर अवस्था में थी. लगातार भारी वाहनों के दबाव के कारण वह क्षतिग्रस्त हो गई. स्थिति को देखते हुए तत्काल मरम्मत कराई गई. उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम से आरओबी निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया गया है और परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा.
अतिक्रमण और ई-रिक्शा भी बन रहे बाधा
निर्माण कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, आरओबी निर्माण कार्य में अतिक्रमण और ई-रिक्शा का अवैध पड़ाव भी बड़ी समस्या बना हुआ है. निर्माण स्थल के आसपास सड़क किनारे अतिक्रमण और अनियंत्रित ई-रिक्शा संचालन के कारण मशीनों और निर्माण सामग्री के आवागमन में परेशानी हो रही है. कंपनी ने जिला प्रशासन से अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि वागेश्वरी गुमटी रेल ओवरब्रिज का निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के समय पर पूरा किया जा सके.
