टिकारी के सिमुआरा गांव के पास तेज रफ्तार वाहन ने दो राहगीरों को कुचला, गयी जान

टिकारी-मऊ मार्ग पर सिमुआरा गांव के पास मंगलवार की देर शाम एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कहर बरपाते हुए दो राहगीरों को कुचल दिया. इस दर्दनाक हिट एंड रन हादसे में दोनों व्यक्तियों की मौत हो गयी.

टिकारी. टिकारी-मऊ मार्ग पर सिमुआरा गांव के पास मंगलवार की देर शाम एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कहर बरपाते हुए दो राहगीरों को कुचल दिया. इस दर्दनाक हिट एंड रन हादसे में दोनों व्यक्तियों की मौत हो गयी. मृतकों की पहचान टिकारी थाना क्षेत्र के सिमुआरा गांव निवासी 60 वर्षीय वीरेंद्र पासवान और 50 वर्षीय सुभाष प्रसाद के रूप में हुई है. घटना के बाद आरोपित चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. सिमुआरा पंचायत के मुखिया प्रभु रजक ने बताया कि वीरेंद्र पासवान और सुभाष प्रसाद मंगलवार शाम सिमुआरा स्थित सूर्य मंदिर से टहलकर वापस अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान मऊ की तरफ जा रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार वाहन ने सड़क किनारे चल रहे दोनों लोगों को जोरदार टक्कर मार दी.

अस्पताल में तोड़ा दम, गांव में मचा कोहराम

हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गये. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए मगध मेडिकल अस्पताल (गया जी) ले जाया गया. लेकिन, वहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.

शव सड़क पर रख हंगामा, पुलिस कर रही कैंप

देर रात जब दोनों के शव गांव पहुंचे, तो परिजनों में कोहराम मच गया. आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शवों को सड़क पर रखकर विलाप और हंगामा शुरू कर दिया. घटना की गंभीरता को देखते हुए टिकारी थानाध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. समाचार लिखे जाने तक पुलिस अधिकारी आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराने और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कानूनी कार्रवाई में जुटे हुए थे. तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस मौके पर कैंप कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRANJAL PANDEY

PRANJAL PANDEY is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >