इमामगंज. इमामगंज पुलिस अनुमंडल क्षेत्र के कोठी गांव से हत्याकांड के दो आरोपितों को झारखंड पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कोठी गांव निवासी अरबाज खान और समीर खान के रूप में हुई है. प्रभारी थानाध्यक्ष सच्चिदानंद राय ने बताया कि दोनों आरोपित झारखंड के रांची जिले के डोरंडा थाना कांड संख्या 107/26 में वांछित थे. इस मामले में इनके खिलाफ बीएनएस की धारा 103, 238, 61(2) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. उन्होंने बताया कि डोरंडा थाना पुलिस ने कोठी थाना की टीम के सहयोग से गांव में छापेमारी की और दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गयी. इसके बाद झारखंड पुलिस दोनों को अपने साथ रांची ले गयी. पुलिस के अनुसार, दोनों पर एक महिला की हत्या करने का गंभीर आरोप है. इस मामले में आगे की जांच और कार्रवाई रांची पुलिस द्वारा की जा रही है. स्थानीय स्तर पर इस गिरफ्तारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि लंबे समय से दोनों आरोपित फरार चल रहे थे. पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से अन्य वांछित अपराधियों पर भी दबाव बनेगा.
हत्याकांड के दो आरोपित इमामगंज से गिरफ्तार, झारखंड पुलिस की कार्रवाई
इमामगंज पुलिस अनुमंडल क्षेत्र के कोठी गांव से हत्याकांड के दो आरोपितों को झारखंड पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया है.
