Gaya Ji News : शहर स्थित बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) में आयोजित बिहार विधानसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों के दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बिहार के विभिन्न जिलों से विधायकों का गया पहुंचना शुरू हो गया है. पूरे कार्यक्रम स्थल को सुरक्षा घेरे में रखा गया है और प्रवेश केवल पासधारकों को ही दिया जा रहा है.
कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बिपार्ड परिसर में कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं. जिन लोगों को प्रवेश पास जारी किया गया है, केवल उन्हें ही कार्यक्रम स्थल में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है. कार्यक्रम के लिए एक विशाल सभागार तैयार किया गया है, जहां दो दिनों तक विभिन्न सत्र आयोजित होंगे.
कुछ ही देर में गया जी पहुंचेंगे उपराष्ट्रपति
देश के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन कुछ ही देर में गया एयरपोर्ट पहुंचेंगे. एयरपोर्ट पर उनका स्वागत बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट (सेवानिवृत्त) अता हसनैन सहित अन्य गणमान्य अतिथि करेंगे. इसके बाद सुबह लगभग 11 बजे बिपार्ड परिसर में दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा.
विधायकों को संसदीय कार्यप्रणाली की दी जाएगी जानकारी
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विधायकों को विधानसभा की कार्यप्रणाली, सदन के संचालन, संसदीय परंपराओं, अनुशासित ढंग से अपनी बात रखने की प्रक्रिया तथा जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी भूमिका से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराना है. विभिन्न विषय विशेषज्ञ और वरिष्ठ अधिकारी इस दौरान विधायकों को प्रशिक्षण देंगे.
विधायक मैथिली ठाकुर ने कार्यक्रम को बताया उपयोगी
कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचीं विधायक मैथिली ठाकुर ने कहा कि इस तरह का प्रबोधन कार्यक्रम जनप्रतिनिधियों के लिए बेहद उपयोगी है. उन्होंने कहा कि इसमें शामिल होने का अवसर मिलना खुशी की बात है. ऐसे कार्यक्रमों से संसदीय और विधायकी कार्यों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलती हैं, जो जनप्रतिनिधियों को अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने में मदद करती हैं.
Also Read : उपराष्ट्रपति के दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था का रिहर्सल, अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा
