गया जंक्शन पर यात्रियों से मोबाइल चोरी का आरोप, पितृपक्ष से पहले RPF-GRP ने दो युवकों को पकड़ा

गया जंक्शन पर आगामी पितृपक्ष मेला के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष सुरक्षा अभियान के तहत आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने दो चोरों को गिरफ्तार किया है. रोहतास और जहानाबाद के रहने वाले इन आरोपियों के पास से यात्रियों के चुराए गए 37 हजार रुपए कीमत के दो एंड्रॉइड मोबाइल बरामद किए गए हैं.

आगामी पितृपक्ष मेला को ध्यान में रखते हुए गया जंक्शन पर यात्रियों की सुरक्षा और सुगमता को लेकर चलाए जा रहे विशेष संयुक्त सुरक्षा अभियान के तहत आरपीएफ (RPF) और जीआरपी (GRP) की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है. संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी के दो एंड्रॉइड मोबाइल के साथ दो संदिग्ध चोरों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है. बरामद किए गए दोनों मोबाइल की कुल अनुमानित कीमत करीब 37 हजार रुपए आंकी गई है.

गिरफ्तार किए गए दोनों युवकों की पहचान रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र के चंवरी गांव निवासी दीपक खरवार और जहानाबाद थाना रोड निवासी सोम कुमार के रूप में की गई है.

प्लेटफॉर्म संख्या दो के पास से दबोचे गए आरोपी

आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव और रेल थानाध्यक्ष शिवकुमार ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि सीआईबी इंस्पेक्टर चंदन कुमार और जीआरपी थानाध्यक्ष शिवकुमार के कुशल निर्देशन में आरपीएफ, सीपीडीएस (CPDS), अपराध आसूचना शाखा (Crime Intelligence Branch) तथा जीआरपी की संयुक्त टीम रेलवे स्टेशन परिसर और विभिन्न प्लेटफॉर्मों पर लगातार गश्त कर रही थी.

इसी दौरान गश्त के क्रम में टीम की नजर प्लेटफॉर्म संख्या दो के दिल्ली छोर पर स्थित पोल संख्या 470/2 के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे दो युवकों पर पड़ी. पुलिस बल को देखकर जब वे भागने लगे, तो तत्परता दिखाते हुए दोनों को घेरकर पकड़ लिया गया.

यात्रियों के मोबाइल चोरी करने की बात कबूली

पकड़े गए आरोपियों की जब नियमानुसार तलाशी ली गई, तो दीपक खरवार के पास से एक रियलमी (RealMe) 5G एंड्रॉइड मोबाइल और सोम कुमार के पास से एक रियलमी एमआई (Mi) स्मार्टफोन बरामद हुआ. कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ये मोबाइल गया रेलवे स्टेशन परिसर से विभिन्न रेल यात्रियों की जेब या सामान से चोरी किए थे.

इस मामले में जीआरपी गया थाना में कांड संख्या 240/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(5) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की विधिवत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रोहित कुमार

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >