संवाददाता, गया जी. ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत गया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चोरी के तीन मोबाइल फोन के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है. बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 48 हजार रुपये बतायी गयी है.
स्टेशन पर संदिग्धों पर रखी जा रही थी नजर
आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव और रेल थानाध्यक्ष शिवकुमार ने बताया कि उप निरीक्षक विकास कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ, अपराध अनुसंधान शाखा, सीपीडीएस टीम और रेल थाना गया की टीम स्टेशन क्षेत्र में गश्त और आपराधिक गतिविधियों की निगरानी कर रही थी. इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या एक-सी के दिल्ली छोर स्थित यात्री शेड में तीन व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में मिले.
तीनों आरोपितों की हुई पहचान
पूछताछ के दौरान तीनों की पहचान रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र निवासी 39 वर्षीय दिलीप सोनी, डालमियानगर थाना क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय विपुल कुमार और कैमूर जिले के भभुआ टाउन थाना क्षेत्र निवासी 43 वर्षीय मो. कलीम राइन के रूप में हुई.
अलग-अलग आरोपितों के पास मिले मोबाइल
तलाशी लेने पर दिलीप सोनी के पास से रेडमी, विपुल कुमार के पास से रियलमी और मो. कलीम राइन के कब्जे से पोको कंपनी का एक-एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद हुआ. तीनों मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 48 हजार रुपये बतायी गयी है.
रेल यात्रियों के सामान चोरी की बात स्वीकार
पूछताछ में तीनों ने रेल यात्रियों के सामान की चोरी करने की बात स्वीकार की. इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने तीनों को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की.
जीआरपी गया को सौंपे गये आरोपित
आरपीएफ ने उप निरीक्षक विकास कुमार की लिखित शिकायत के साथ तीनों आरोपितों को अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी गया को सुपुर्द कर दिया है.
ALSO READ : पितृपक्ष मेला : गयाजी में श्रद्धालुओं के लिए बिहार सरकार ने 2500 बेड की टेंट सिटी समेत की ये खास तैयारियां
