संवाददाता, गया जी. गया रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है. ऑपरेशन नार्कोस के तहत टीम ने तेजस राजधानी एक्सप्रेस से 17.749 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख 87 हजार 450 रुपये बतायी गयी है.
पटना के युवक को किया गया गिरफ्तार
मामले में एक यात्री को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार युवक की पहचान पटना जिला के कैमाशिकोह निवासी मनोज कुमार वर्णवाल के रूप में की गयी है. बरामद गांजा, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों के साथ उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल थाना गया को सौंप दिया गया.
मुखबिर की सूचना पर स्टेशन पर बढ़ाई गई निगरानी
आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय कुमार सिंह ने बताया कि 16 सितंबर की रात गया रेलवे स्टेशन क्षेत्र में आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव और रेल थानाध्यक्ष शिवकुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम गश्ती और निगरानी कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तेजस राजधानी एक्सप्रेस से गांजा लेकर एक व्यक्ति गया स्टेशन पहुंचने वाला है. सूचना के आधार पर टीम ने स्टेशन पर विशेष निगरानी शुरू कर दी.
कोच नंबर 9 में यात्री को रोककर हुई जांच
ट्रेन संख्या 22811 अप तेजस राजधानी एक्सप्रेस के गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर करीब 22:20 बजे पहुंचने के बाद सुरक्षाकर्मियों ने कोच संख्या 9 में बर्थ संख्या 21 पर बैठे एक यात्री को संदेह के आधार पर रोककर पूछताछ की. इसके बाद यात्री के झोले, हैंड बैग और ट्रॉली बैग की तलाशी ली गयी.
17 पैकेट में मिला 17.749 किलो गांजा
तलाशी के दौरान यात्री के सामान से कुल 17 पैकेट गांजा बरामद हुआ. सभी पैकेटों का कुल वजन टेप सहित 17.749 किलोग्राम पाया गया. गांजा बरामद होने के बाद इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी गयी और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की गयी.
मोबाइल, आधार कार्ड और टिकट भी बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड और यात्रा टिकट भी बरामद किया गया. आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद मनोज कुमार वर्णवाल को रात करीब 00:50 बजे गिरफ्तार किया गया. इसके बाद बरामद गांजा, मोबाइल फोन और अन्य कागजात के साथ उसे जीआरपी गया को सुपुर्द कर दिया गया.
तस्करी रोकने के लिए संयुक्त निगरानी जारी
कार्रवाई में आरपीएफ पोस्ट गया, अपराध आसूचना शाखा, सीपीडीएस गया और जीआरपी गया के अधिकारी एवं जवान शामिल रहे. रेलवे परिसर में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए संयुक्त निगरानी और जांच अभियान जारी रखने की बात कही गयी है.
