गया जी : डोभी हत्याकांड का खुलासा, दामाद ने ही ससुर की हत्या कर फेंका था शव, तकनीकी जांच में खुला पूरा राज

गया जी के डोभी में मिले अज्ञात शव का मामला अब सुलझ गया है. पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर मृतक के दामाद को मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया है. पूछताछ में दामाद ने जुर्म कबूल कर लिया है.

गया जी के डोभी थाना क्षेत्र के पिपरघट्टी के समीप बीती आठ जुलाई को मिले अज्ञात शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. मृतक की पहचान गयाजी के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रामशिला वारिसनगर निवासी 42 वर्षीय अरविंद कुमार वर्मा के रूप में हुई है.

प्रारंभिक जांच में पुलिस को स्पष्ट साक्ष्य मिले थे कि अरविंद की हत्या कहीं और कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को डोभी क्षेत्र में लाकर फेंका गया था.

मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शेरघाटी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया. इस विशेष दल में डोभी थानाध्यक्ष, तकनीकी शाखा के कर्मचारी तथा थानाकर्मी शामिल रहे.

तकनीकी अनुसंधान से हत्यारे दामाद तक पहुंची पुलिस

विशेष टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण करने और तकनीकी अनुसंधान (सर्विलांस) के माध्यम से आरोपियों के खिलाफ अहम सुराग जुटाए.

गहन जांच और क्रमिक छानबीन के दौरान पुलिस ने मृतक के दामाद, अरवल जिले के कलैर थाना क्षेत्र अंतर्गत अगनुर निवासी मुकेश कुमार को मुख्य संदिग्ध के रूप में हिरासत में लिया.

पूछताछ में दामाद ने कबूला जुर्म, प्रयुक्त वाहन बरामद

कड़ाई से की गई पूछताछ में मुकेश ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. उसने पुलिस को बताया कि उसके और ससुर अरविंद कुमार वर्मा के बीच लंबे समय से कानूनी और पारिवारिक वाद-विवाद चल रहा था. इसी रंजिश में उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ससुर की हत्या कर दी और पहचान छिपाने की नीयत से शव को डोभी थाना क्षेत्र में फेंक दिया.

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त गाड़ी को भी बरामद कर लिया है, जिसे विधि-विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की फॉरेंसिक टीम के हवाले कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.

अन्य साजिशकर्ताओं की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

डोभी पुलिस के अनुसार, आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान, मौके से मिले साक्ष्यों और तकनीकी प्रमाणों के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है. हत्या में शामिल अन्य संभावित साजिशकर्ताओं और सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए गयाजी कोतवाली और डोभी थाने की संयुक्त टीम अग्रिम कार्रवाई और आवश्यक कानूनी कागजी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है.

Also Read : आरा : 25 जुलाई से चातुर्मास शुरू, योगनिद्रा में जाएंगे भगवान विष्णु; जानें गुरु पूर्णिमा, सावन और सोमवारी की तारीखें


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >