Gaya Ji News(नवीन कुमार मिश्रा): शेरघाटी-चेरकी मार्ग पर चिताप कला गांव के पास बुढ़िया नदी पर बने पुल के जर्जर पाये की शिकायत सामने आने के बाद पुल निगम ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है. पुल के पाये से कंक्रीट, बालू और सीमेंट उखड़ने का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग हरकत में आया.
युवाओं ने सोशल मीडिया पर पुल का वीडियो पोस्ट किया
स्थानीय युवाओं द्वारा पुल की खराब स्थिति को सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद पुल निगम के अधिकारियों ने स्थल जांच कर तत्काल मरम्मत का निर्देश दिया. ग्रामीणों ने बताया कि करीब छह साल पहले इस पुल का निर्माण कराया गया था, लेकिन इतने कम समय में पाये से मटेरियल उखड़कर गिरना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़ा करता है.
लगातार पानी जमा रहने से पुल की स्थिति जर्जर
लोगों का कहना है कि पुल के दोनों ओर बालू और मिट्टी की एक फीट से अधिक मोटी परत जम गई है, जिसके कारण बरसात और सामान्य दिनों में भी पुल पर पानी जमा रहता है. लगातार पानी जमा रहने से पुल की स्थिति धीरे-धीरे जर्जर होती जा रही है. कई स्थानों पर गड्ढे बन गए हैं तथा कंक्रीट भी टूटकर उखड़ने लगा है. ग्रामीणों ने विभाग से पुल के ऊपर जमी मिट्टी और बालू को पूरी तरह हटाने और पुल का व्यापक स्तर पर मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि समय रहते समुचित मरम्मत नहीं हुई तो पुल भविष्य में बड़े खतरे का कारण बन सकता है.
पुल के पाये को मजबूत करने का काम जारी
वहीं मरम्मत कार्य में लगे उपेंद्र कुमार एवं उनकी टीम ने बताया कि पुल के पाये को मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है. इसके तहत नया सरिया लगाकर केमिकल, सीमेंट और अन्य आधुनिक सामग्री से मरम्मत की जा रही है. उन्होंने बताया कि मरम्मत कार्य पूरा होने में करीब एक माह का समय लगेगा. कारीगरों के अनुसार संबंधित विभाग के स्कूटीव, एसडीओ और अन्य अधिकारियों ने स्थल निरीक्षण के बाद तत्काल मरम्मत का निर्देश दिया है.
Also Read: कोंच के चेत बिगहा में करंट लगने से 17 वर्षीय किशोर की मौत, परिवार में कोहराम
