Gaya Ji News : शेरघाटी-इमामगंज पथ स्थित सोनपुर गांव की करीब 20 वर्षीय मोनी कुमारी की ऑपरेशन के बाद मौत हो जाने से मंगलवार की सुबह शेरघाटी शहर के गोला बाजार रोड स्थित पुराने नगर पंचायत कार्यालय के सामने संचालित ऊं सांई हेल्थ क्लीनिक में जमकर हंगामा हुआ. परिजन शव लेकर क्लीनिक पहुंचे और चिकित्सक पर गलत ऑपरेशन कर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया.
परिजनों द्वारा बिना सहमति ऑपरेशन और लापरवाही का आरोप
मृतका के परिजनों ने बताया कि पेट दर्द की शिकायत पर पिछले शुक्रवार को मोनी को क्लीनिक में भर्ती कराया गया था. उनका आरोप है कि अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट सामान्य आने के बावजूद चिकित्सक ने अपेंडिक्स बताकर ऑपरेशन की सलाह दी थी और दो दिन बाद ऑपरेशन करने की बात कही थी.
परिजनों का आरोप है कि उनके अस्पताल से निकलने के कुछ देर बाद ही बिना सहमति लिए ऑपरेशन कर दिया गया. ऑपरेशन के बाद उसकी हालत बिगड़ने पर पहले गया और फिर पटना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. परिजनों का दावा है कि इलाज में तीन से चार लाख रुपये खर्च हुए तथा पटना के चिकित्सकों ने ऑपरेशन में गंभीर त्रुटि की बात कही.
कंपाउंडर की पिटाई और छत से कूदकर टेक्नीशियन का घायल होना
हंगामे की सूचना मिलते ही अस्पताल के चिकित्सक और कर्मी वहां से निकल गए. इस दौरान भीड़ के हत्थे चढ़े एक कंपाउंडर की लोगों ने पिटाई कर दी.
सूचना पर पहुंची शेरघाटी पुलिस ने उसे भीड़ से सुरक्षित निकाला. वहीं प्रथम तल पर संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्र के टेक्नीशियन विपिन कुमार भीड़ देखकर छत से कूद गए, जिससे उनका पैर फ्रैक्चर हो गया. बताया गया कि इस मामले से उनका प्रत्यक्ष संबंध नहीं था.
मृतका का पारिवारिक पृष्ठभूमि और परिजनों का विलाप
मृतका के नाना सोपेंद्र साव और चाचा सत्येंद्र साव ने बताया कि मोनी के पिता का पहले ही निधन हो चुका था और करीब तीन माह पूर्व उसकी शादी चांदपुर गांव में की गई थी.
उन्होंने चिकित्सकों की लापरवाही को मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की. मृतका की गोतनी सुनीता देवी ने भी गलत ऑपरेशन का आरोप लगाया. विवाहिता की मौत के बाद घर के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस की कार्रवाई और शव का पोस्टमार्टम
घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों से आवेदन मांगा गया है. आवेदन मिलने के बाद पूरे मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : गया जी : रेलवे कर्मचारियों के आश्रित पुत्रों के लिए राहत, 21 साल के बाद भी मिलेगी मेडिकल सुविधा
