गया जी : शेरघाटी में कारोबारी के घर में चोरी, विरोध करने पर महिला पर फायरिंग, 7 लाख नकद सहित लाखों की संपत्ति ले उड़े बदमाश

Gaya Ji Sherghati Theft : शेरघाटी शहर में हथियारबंद चोरों ने एक लड्डू व्यवसायी के घर से लाखों रुपये नकद और कीमती सामान चुरा लिया. विरोध करने पर किरायेदार महिला पर गोली चलाई गई, जो बाल-बाल बच गईं. यह घटना शहर में लगातार हो रही चोरियों के विरोध को और तेज कर रही है.

Gaya Ji Sherghati Theft : गया जी जिले के शेरघाटी शहर में शनिवार तड़के हथियारबंद चोरों ने एक लड्डू व्यवसायी के घर को निशाना बनाते हुए करीब सात लाख रुपये नकद और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया. चोरी का विरोध करने पर किरायेदार महिला पर फायरिंग की गई, जिसमें वह बाल-बाल बच गई.

तड़के खिड़की काटकर घर में घुसे हथियारबंद चोर

शेरघाटी शहर के नई बाजार स्थित पावर ग्रिड के समीप शनिवार तड़के करीब सवा तीन बजे हथियारबंद चोरों ने एक लड्डू व्यवसायी के घर की खिड़की काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. बदमाश घर से करीब सात लाख रुपये नकद समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए.

विरोध करने पर महिला पर की फायरिंग

पीड़ित व्यवसायी किशोर कुमार ने बताया कि घटना के समय बारिश हो रही थी. उनकी किरायेदार कविता देवी बाहर सूख रहे कपड़े लेने निकलीं तो उन्होंने खिड़की के पास दो संदिग्ध लोगों को देखा. शोर मचाने और चोरों को रोकने की कोशिश के दौरान बदमाशों ने उन पर गोली चला दी. गोली उनके बाजू को छूते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर हादसे से बच गईं. शोर सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले, जिसके बाद चोर मौके से फरार हो गए.

सूचना मिलते ही जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना सुबह करीब 3:45 बजे शेरघाटी थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. घायल महिला की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में नाराजगी

स्थानीय लोगों का कहना है कि नई बाजार, नूतन नगर और आसपास के इलाकों में पिछले एक महीने से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं. चोर कभी खिड़की काटकर तो कभी दरवाजा तोड़कर घरों में घुसने का प्रयास कर रहे हैं. लोगों का आरोप है कि अब तक किसी बड़े गिरोह का खुलासा नहीं हो सका है, जिससे पुलिस की रात्रि गश्त और कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं.

पहले भी कई घर बन चुके हैं निशाना

स्थानीय लोगों के अनुसार इससे पहले रवि सिंह के घर से करीब 25 लाख रुपये के आभूषण चोरी हो चुके हैं. इसके अलावा ब्लॉक के पास अर्जुन साव, वीरेंद्र साव सहित आधा दर्जन से अधिक घरों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं. कई अन्य घरों में भी चोरी का प्रयास किया गया है.

गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

घटना से आक्रोशित लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा. उनका कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है.

पुलिस ने जांच का दिया भरोसा

शेरघाटी थाना के पदाधिकारी संतोष राम ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : गया जंक्शन के डेल्हा साइड पर यात्रियों की बढ़ी परेशानी, टिकट काउंटर का संकेतक नहीं, नो पार्किंग में ऑटो-ई-रिक्शा का कब्जा



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Sakshi Kumari

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >