Gaya ji News : गया जिले के परैया थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन चौड़ीकरण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसे में केसीसी कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई. ड्यूटी के दौरान भोजन कर रहे गार्ड को कथित रूप से अनियंत्रित रोड रोलर ने कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. हादसे के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.
Gaya ji News : ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कोंच थाना क्षेत्र के चतुरी बिगहा गांव निवासी इंद्रदेव यादव उर्फ नेता जी के पुत्र प्रमोद यादव पिछले नौ माह से केसीसी कंपनी में रात्रि पाली के सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत थे. बुधवार की शाम वह रोज की तरह ड्यूटी पर पहुंचे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब साढ़े नौ बजे वह कुर्सी पर बैठकर भोजन कर रहे थे, तभी रेलवे लाइन चौड़ीकरण कार्य में लगा एक रोड रोलर अनियंत्रित होकर उनकी ओर बढ़ गया और उन्हें कुचल दिया.
Gaya ji News : घटनास्थल पर पहुंचे डीएसपी, जांच जारी
हादसा इतना भीषण था कि प्रमोद यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.रोड रोलर की चपेट में आने से उनका शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया. घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही परैया थाना पुलिस और डीएसपी सुशांत कुमार चंचल घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर देर रात पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया भेज दिया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Gaya ji News : परिजनों ने जताया संदेह, कार्रवाई की मांग
मृतक प्रमोद यादव तीन भाइयों में मंझले थे और अपने पीछे तीन पुत्र छोड़ गए हैं. परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य की मौत से घर में मातम पसरा है. परिजनों ने घटना पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
