गया जी: डुमरिया के स्कूल खाते से ₹6 लाख की कथित अवैध निकासी, सचिव ने प्रधानाध्यापिका पर फर्जी हस्ताक्षर का लगाया आरोप

डुमरिया के मध्य विद्यालय में प्रधानाध्यापिका पर फर्जी हस्ताक्षर कर 6 लाख रुपये निकालने का आरोप लगा है. बीडीओ ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं.

Gaya Ji News: डुमरिया प्रखंड अंतर्गत देवचंदडीह गांव स्थित मध्य विद्यालय की विद्यालय शिक्षा समिति के बैंक खाते से करीब छह लाख रुपये की कथित अवैध निकासी का गंभीर मामला प्रकाश में आया है. विद्यालय शिक्षा समिति की सचिव साक्षी देवी ने मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पंकज कुमार को लिखित आवेदन देकर इस पूरे वित्तीय अनियमितता की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. इस शिकायत के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.

सचिव का आरोप: फर्जी हस्ताक्षर और बैंक कर्मियों की मिलीभगत

बीडीओ को दिए गए शिकायती आवेदन में सचिव साक्षी देवी ने आरोप लगाया है कि विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका निर्मला कुमारी ने विद्यालय शिक्षा समिति को बिना कोई पूर्व सूचना दिए, बिना सहमति और बिना किसी अधिकृत प्रस्ताव के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की डुमरिया शाखा से लगभग छह लाख रुपये की निकासी कर ली. सचिव का दावा है कि चेक और निकासी प्रपत्र पर उनके फर्जी हस्ताक्षर बनाए गए हैं. इसके अलावा, उन्होंने बैंक कर्मियों की मिलीभगत की आशंका जताते हुए कहा कि जब उन्होंने राशि निकासी के संबंध में प्रधानाध्यापिका से पूछताछ की और हिसाब मांगा, तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किया गया. सचिव ने बीडीओ और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) से बैंक खातों की जांच, निकासी में संलिप्त कर्मियों की पहचान और सरकारी राशि की अविलंब रिकवरी की गुहार लगाई है.

प्रधानाध्यापिका ने आरोपों को बताया निराधार, कहा- मरम्मत के लिए निकाली थी राशि

इधर, पूरे मामले पर अपनी सफाई देते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापिका निर्मला कुमारी ने सचिव द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उन्होंने कहा कि लगाए गए आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद और दुर्भावना से प्रेरित हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालय भवन की आवश्यक मरम्मती कार्य को संपन्न कराने के उद्देश्य से नियमानुसार बैंक खाते से राशि की निकासी की गई थी. हालांकि, तय समय पर मरम्मत कार्य नहीं हो पाने के कारण निकाली गई राशि में से कुछ हिस्सा पुनः बैंक खाते में जमा करा दिया गया है और शेष बची हुई राशि भी शीघ्र ही खाते में वापस जमा कर दी जाएगी.

बीडीओ ने लिया संज्ञान, जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी पंकज कुमार ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं. बीडीओ ने बताया कि सरकारी राशि के दुरुपयोग और अनधिकृत निकासी से संबंधित विद्यालय शिक्षा समिति की सचिव का शिकायती आवेदन प्राप्त हुआ है. पूरे प्रकरण की बिंदुवार जांच कराई जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंक स्टेटमेंट और निकासी दस्तावेजों के सत्यापन के बाद यदि वित्तीय गबन अथवा पद के दुरुपयोग का आरोप सत्य पाया जाता है, तो दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करते हुए नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

Also Read: गझंडी स्टेशन पर दानापुर एक्सप्रेस से 41 बोतल शराब बरामद, चार लावारिस बैगों में छिपाकर रखी थी शराब

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज मिश्रा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >