Gaya Ji News : गया जी में कर चोरी के विरुद्ध सेल्स टैक्स विभाग द्वारा मंगलवार की रात बड़ी कार्रवाई की गई है. मगध प्रमंडल राज्य कर अपर आयुक्त (प्रशासन) मोहन कुमार ने बताया कि राज्य के बाहर से प्राप्त सूचना, आंकड़ा विश्लेषण व आंतरिक जांच के आधार पर मंगलवार को की गई कार्रवाई में बिना कागजात के 1.94 करोड़ रुपये की सिगरेट पाई गई, जिसे जब्त कर लिया गया.
दीप्ति तंबाकू और आर ब्रदर्स पर छापेमारी, 35-35 लाख रुपये वसूले गए
उन्होंने बताया कि भभुआ की दीप्ति तंबाकू कंपनी में छापेमारी कर बिना कागजात के एक करोड़ 74 लाख 42 हजार रुपये की सिगरेट जब्त की गई. कार्रवाई के दौरान कंपनी की ओर से अग्रिम कर के रूप में 35 लाख रुपये वसूल किए गए.
वहीं आर ब्रदर्स एंड कंपनी में बिना कागजात के 18 लाख 78 हजार रुपये की सिगरेट जब्त की गई. यहां भी फर्म की ओर से अग्रिम कर के रूप में 35 लाख रुपये जमा कराए गए.
धरातल पर नहीं मिली जेपी एक्सपोर्ट कंपनी
अपर आयुक्त ने बताया कि सूचना के आधार पर तीसरी सिगरेट फैक्ट्री जेपी एक्सपोर्ट कंपनी अस्तित्वहीन पाई गई. धरातल पर कहीं फैक्ट्री नहीं मिली.
राज्य कर अपर आयुक्त (प्रशासन) मोहन कुमार ने बताया कि सिगरेट जब्ती के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है. यह कार्रवाई मंगलवार से लेकर बुधवार की सुबह तक चली.
छापेमारी दल में ये रहे शामिल
छापेमारी दल में आईबी के संयुक्त आयुक्त अनवारुल हक, उपायुक्त सतीश कुमार, उपायुक्त संतोष कुमार, सहायक आयुक्त सतीश कुमार और भभुआ अंचल के उपायुक्त उमेश कुमार दास, उपायुक्त सबा नाज परवीन, सहायक आयुक्त आशुतोष कुमार, सहायक आयुक्त श्वेता सिंह व पुलिस के अधिकारी व जवान शामिल थे.
