श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी व गयाजी को देश के रामायण सर्किट से जोड़ने को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का शंखनाद कांग्रेस पार्टी की रविवार को हुई बैठक में कर दी गयी. सीताकुंड मंदिर परिसर में कांग्रेस पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता गया जिलाध्यक्ष रजनीश कुमार झुन्ना ने किया.
बैठक में शामिल वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता
कार्यक्रम में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रतिनिधि सह कार्यक्रम संयोजक विजय कुमार मिट्ठू, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राम प्रमोद सिंह, युगल किशोर सिंह, इंटक के कार्यकारी अध्यक्ष अजय कुमार सिंह, विद्या शर्मा, सुनील कुमार पासवान, दामोदर गोस्वामी, अनुमती देवी, शर्मीला कुमारी, सैफुल इस्लाम, धीरज कुमार वर्मा, संजय कुमार चंद्र वंशी, मोहम्मद नवाब अली, अर्जुन गुप्ता, टिंकू गिरी, प्रदीप शर्मा, रंजीत कश्यप, नवल किशोर शर्मा, रंजीत सिंह आदि शामिल थे.
राम मंदिर चढ़ावा व चंदा चोरी पर आक्रोश
नेताओं ने कहा कि विश्व के सनातनियों के विश्वास व आस्था का केंद्र भगवान श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी ने देशभर के लोगों को झकझोर कर रख दिया है. श्रीराम मंदिर के निर्माण के समय खरीदे गये जमीन में भारी अनियमितता एवं घोटाला के बाद जब चढ़ावा व चंदा चोरी की बातें सामने आयीं पर विश्वभर के सनातनियों में भयानक आक्रोश है.
चंदा चोरी सहित सभी घोटाला, भ्रष्टाचार में शामिल लोगों को उजागर कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देने को लेकर चरणबद्ध आंदोलन चलाने का संकल्प दोहराया.
गयाजी को रामायण सर्किट से जोड़ने की मांग
गयाजी के विश्व प्रसिद्ध सीता कुंड मंदिर जिसका इतिहास रामायण काल से जुड़ा है. इसे रामायण सर्किट से जोड़ बिहार से गयाजी, सीतामढ़ी, बक्सर, दरभंगा के प्रस्ताव में से गयाजी को अभी तक रामायण सर्किट से नहीं जोड़ा जाना दुर्भाग्य की बात है. इसके लिए वर्षों से मांग की जा रही है.
मगध प्रमंडल के 5 जिलों में चलेगा आंदोलन
नेताओं ने चरणबद्ध आंदोलन का खाका सर्वसम्मति से तैयार किया, जिसमें मगध प्रमंडल मुख्यालय गयाजी के 24 प्रखंडों में के अलावा मगध प्रमंडल के जहानाबाद, औरंगाबाद, नवादा, अरवल जिला में किया जायेगा.
