रोमांचक फाइनल में पीटीसी बना चैंपियन, टिकारी टाइगर्स पर जीत

टिकारी में सुधीर क्रिकेट अकादमी द्वारा आयोजित महाराजा गोपाल शरण क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला पीटीसी और टिकारी टाइगर्स के बीच बेहद रोमांचक रहा.

टिकारी. टिकारी में सुधीर क्रिकेट अकादमी द्वारा आयोजित महाराजा गोपाल शरण क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला पीटीसी और टिकारी टाइगर्स के बीच बेहद रोमांचक रहा. दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाया, लेकिन अंत में पीटीसी ने जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टिकारी टाइगर्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सभी विकेट खोकर 161 रन बनाये. टीम ने तेज शुरुआत करते हुए पीटीसी के गेंदबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश की और एक प्रतिस्पर्धी लक्ष्य खड़ा किया. 162 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीटीसी की टीम ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया. मैच अंतिम ओवरों तक रोमांचक बना रहा, लेकिन पीटीसी ने 19.2 ओवर में आठ विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और खिताब जीत लिया. फाइनल में मयंक पांडेय ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 23 रन बनाये और गेंदबाजी में दो महत्वपूर्ण विकेट लिये. उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया. पूरे टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाजी करने वाले अनिरुद्ध को बेस्ट बॉलर और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार मिला, जबकि अंकित को बेस्ट फील्डर घोषित किया गया. पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सुधीर कुमार, कमलेश शर्मा और मो जफर बारी अंसारी मौजूद रहे. उन्होंने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया. मैच में अंपायर की भूमिका सुधीर कुमार और नवनीत कुमार ने निभाई . बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों के उत्साह से पूरा मैदान गूंजता रहा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ROHIT KUMAR SINGH

ROHIT KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >