ग्रामीण क्षेत्रों में प्रस्तावित होल्डिंग टैक्स के विरोध में शनिवार को खिजरसराय के बेला मोड़ पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंककर प्रदर्शन किया और अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की. कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष नवल किशोर शर्मा ने किया.
इससे पूर्व यशवंत उच्च विद्यालय, खिजरसराय परिसर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध रैली निकाली. रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए बेला मोड़ पहुंची, जहां सभा आयोजित कर ग्रामीण होल्डिंग टैक्स वापस लेने की मांग की गयी.
इस अवसर पर प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष नवल किशोर शर्मा ने कहा कि प्रस्तावित होल्डिंग टैक्स से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस प्रस्ताव का विरोध करती है और ग्रामीण हितों को ध्यान में रखते हुए इसे वापस लेने की मांग करती है.
उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी. प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने ग्रामीण हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया.
प्रदर्शन में अशोक कुमार, रवीन्द्र यादव सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी की.
Also Read : गया जी : सरकार के 100 दिन पर वजीरगंज में कार्यक्रम, योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प
