Pradhan Mantri Surya Ghar Muft Bijli Yojana: चंदौती और बोधगया ब्लॉक कैंपस में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर विद्युत विभाग की ओर से शनिवार को तीसरे दिन कैंप लगाया गया. कैंप में विद्युत विभाग की पूरी टीम के साथ विभिन्न सोलर वेंडर और बैंक प्रतिनिधि शामिल हुए.
एक ही जगह मिलेंगी सोलर से जुड़ी सुविधाएं
अधिकारियों ने बताया कि कैंप में उपभोक्ता नि:शुल्क सोलर आवेदन कर अपने परिसर पर सोलर अधिष्ठापन कराने के लिए एक ही जगह पर सभी प्रकार की सुविधाएं प्राप्त कर सकते हैं. प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में आवेदन के साथ विद्युत विपत्र सुधार और नये सर्विस कनेक्शन से संबंधित आवेदन भी यहां किये जा सकेंगे.
तीन किलोवाट तक सब्सिडी का लाभ
अधिकारियों ने बताया कि घर पर सोलर रूफटॉप लगाने के लिए प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत केंद्र और राज्य सरकार की ओर से सब्सिडी का लाभ दिया जा रहा है. एक किलोवाट तक 40 हजार रुपये, दो किलोवाट तक 80 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट और उससे अधिक के लिए 98 हजार रुपये की सब्सिडी का प्रावधान बताया गया है.
अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से कैंप का लाभ उठाने और अपने घर पर सोलर रूफटॉप लगाने के लिए योजना में आवेदन करने की अपील की.
मार्च 2027 तक घोषित है केंद्र की सब्सिडी
अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लिए केंद्र सरकार की ओर से देय प्रस्तावित सब्सिडी मार्च 2027 तक ही घोषित है. इसलिए योजना को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर लागू बताया गया है. उपभोक्ताओं से जल्द योजना का लाभ उठाने और अपने घर का विद्युत विपत्र शून्य करने की अपील की गयी.
आसान किस्तों पर मिल रहा सोलर लोन
योजना के तहत सभी सरकारी और गैर सरकारी बैंकों से कम ब्याज दर पर सोलर लोन उपलब्ध होने की जानकारी दी गयी. अधिकारियों ने बताया कि इसके लिए उपभोक्ताओं को बैंक में अलग से भागदौड़ करने की आवश्यकता नहीं होगी. सोलर वेंडर स्वयं बैंक से लोन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी करने में सहयोग करेंगे.
