Gayaji Weather News : गया में पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश ने एक ओर किसानों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है, वहीं दूसरी ओर शहरवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. कभी रिमझिम तो कभी मूसलाधार बारिश के कारण धान की रोपनी के लिए खेतों में पर्याप्त पानी भर गया है, लेकिन शहर की सड़कों पर जलजमाव ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है.
नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
लगातार बारिश के बीच नगर निगम की नाले-नालियों की सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई है. नालियों की समुचित सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा है. कई जगहों पर बारिश रुकने के घंटों बाद भी पानी की निकासी नहीं हो रही है, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
कई प्रमुख सड़कें और संस्थान जलमग्न
बारिश के कारण शहर के रामसागर तालाब रोड, शहीद रोड, बारी रोड, न्यू एरिया और नाला रोड सहित कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. मगध मेडिकल अस्पताल के मुख्य गेट और नगर निगम कार्यालय परिसर में भी पानी भर गया है. वहीं एएम कॉलेज परिसर में जलजमाव के कारण छात्र-छात्राओं को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
बारिश का आंकड़ा और आगे का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार रविवार सुबह 8:30 बजे से सोमवार सुबह 8:30 बजे तक 33.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. वहीं सोमवार सुबह से मंगलवार सुबह तक 6.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई. मंगलवार को भी दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही और देर शाम तक करीब 19.5 मिलीमीटर बारिश का अनुमान लगाया गया. मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को भी इसी तरह की बारिश और जलजमाव की स्थिति बने रहने की संभावना है.
