सात दिन में सभी बूथों का करें भौतिक सत्यापन : डीएम

विस चुनाव व त्योहार को लेकर डीएम व एसएसपी ने की समीक्षा बैठक

विस चुनाव व त्योहार को लेकर डीएम व एसएसपी ने की समीक्षा बैठक

लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी के लिए लोगों को जागरूक करें

मुख्य संवाददाता, गया जी. बिहार विधानसभा चुनाव व दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से डीएम शशांक शुभंकर व एसएसपी आनंद कुमार ने संयुक्त रूप से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विधि-व्यवस्था से संबंधित समीक्षा की. डीएम ने सभी बीडीओ, सीओ व थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन अगले सात दिनों के अंदर कराना सुनिश्चित करें. सभी मतदान केंद्रों पर बेसिक सुविधा यथा रैंप की व्यवस्था, बिजली की व्यवस्था, रोशनी की व्यवस्था, पेयजल की व्यवस्था, टॉयलेट की व्यवस्था का भौतिक जांच अवश्य कर लें. यदि किसी बूथ पर बेसिक सुविधा उपलब्ध नहीं है, तो उसे तेजी से कराना सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र में जितने भी मतदान केंद्र हैं, उसका भौतिक सत्यापन करा लें. साथ ही आसपास के क्षेत्र में लोगों को लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर भागीदारी के लिए जागरूकता अभियान चलाकर जागरूक करें. उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव 2025 के अवसर पर चुनाव कार्य में बाहर से आने वाले केंद्रीय पुलिस बल के ठहराव स्थल व क्लस्टर प्वाइंट को चिह्नित करें. वहां पेयजल की व्यवस्था, शौचालय, बिजली आदि की व्यवस्थाओं का आकलन करते हुए तेजी से काम कराएं. शराब विनिष्टीकरण की समीक्षा के दौरान सहायक आयुक्त उत्पाद को निर्देश दिया कि संबंधित थानाध्यक्ष के साथ समन्वय कर लंबित शराब विनिष्टीकरण कार्य को तेजी से कराएं. पर्व व त्योहार सीजन को ध्यान में रखते हुए वाहनों की जांच और प्रभावी रूप से कराएं. डोभी चेक पोस्ट पर लगातार वाहन जांच कराते रहे. सोशल मीडिया पर निरंतर निगरानी रखें.

प्रतिमा स्थापित के लिए लाइसेंस जरूरी

डीएम ने सभी एसडीओ को निर्देश दिया कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव व दुर्गा पूजा को लेकर अपने क्षेत्र में निरोधात्मक कार्रवाई तेजी से कराएं. उन्होंने कहा, दुर्गा पूजा की प्रतिमा स्थापित के लिए आयोजकों को लाइसेंस लेना अनिवार्य है. प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए रूट वेरिफिकेशन अच्छे से कराएं. सीओ व बीडीओ अपने क्षेत्र में शांति समिति की बैठक अनिवार्य रूप से करें. इस बार ड्रोन के माध्यम से सभी स्थानों पर निगरानी रखी जायेगी. जहां की जरूरत हो पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी लगवाएं. जितने भी संवेदनशील स्थान है, उसका लगातार भ्रमण करें. सभी पूजा पंडालों के समीप पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करायी जाये. सभी पूजा पंडाल में फायर सेफ्टी की पूरी व्यवस्था आयोजक से करायी जाए.

नदियों व तालाबों की बैरिकेडिंग कराएं

डीएम ने सभी सीओ से कहा कि इस वर्ष सभी नदी-तालाब में पानी ज्यादा है. प्रतिमा विसर्जन वाले नदी-तालाब के समीप जरूरत पड़ने पर बैरिकेडिंग कराएं. रावण दहन की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि अपने-अपने क्षेत्र में आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम स्थल का अनिवार्य रूप से निरीक्षण कर लें. साथ ही आयोजक समिति के माध्यम से पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी इत्यादि लगाना सुनिश्चित करें. एसएसपी आनंद कुमार ने बताया कि सभी थानाध्यक्ष अपने क्षेत्र में लगातार निरीक्षण करें.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >