वजीरगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार भवन में पंचायत समिति सदस्यों की बैठक प्रखंड प्रमुख फुलवा देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गयी. बैठक का संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर सिंह ने किया. बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं पर चर्चा करते हुए करीब दो करोड़ रुपये की योजनाओं को मंजूरी दी गयी.
बताया गया कि स्वीकृत योजनाएं षष्ठम एवं सोलहवीं वित्त आयोग की राशि से ली गयी हैं. बैठक के दौरान कई विभागों के अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर पंचायत समिति सदस्यों ने नाराजगी जतायी. सदस्यों ने कहा कि विभागीय अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों पर उचित चर्चा नहीं हो पाती है. सदन ने अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने का निर्णय लिया. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर वरीय अधिकारियों को पत्र लिखकर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने की बात कही गयी.
बैठक में किसानों को सरकारी दर पर खाद उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया. सदस्यों ने खाद की कालाबाजारी और मनमानी कीमतों पर रोक लगाने की मांग की. इसके लिए खुदरा उर्वरक विक्रेताओं की जांच के लिए एक टीम गठित की गयी है. वहीं, आंगनबाड़ी केंद्रों पर व्याप्त अनियमितताओं पर भी सदस्यों ने असंतोष जताया और व्यवस्था में सुधार कराने की मांग की. लेमन ग्रास की खेती को बढ़ावा देने, मध्य विद्यालय मदरडीह में शौचालय निर्माण, लेबर कार्ड बनवाने की सुगम व्यवस्था तथा पारिवारिक लाभ योजना का लाभ समय पर दिल वाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गयी.
बैठक में बिजली विभाग की कार्यशैली को लेकर सदस्यों ने रोष व्यक्त किया. साथ ही सरकारी कार्यों में सर्वर की समस्या के कारण हो रही परेशानी को दूर करने की मांग की गयी. इस बैठक कई विभाग के अधिकारी पंचायत मुखिया कांति देवी, अशोक पासवान, राजकुमार शर्मा, पुनीता वैश्कियार, सहित सभी पंचायत समिति सदस्य मौजूद थे.
