अफसर प्रशिक्षण अकादमी (ओटीए), गया का परिसर शनिवार को सैन्य गौरव, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के संकल्प का साक्षी बना. शॉर्ट सर्विस कमीशन (टेक्निकल एंट्री) पुरुष एवं महिला के चौथे बैच की पासिंग आउट परेड में 253 अफसर कैडेटों ने प्रशिक्षण पूरा कर भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त किया. इनमें एसएससी (टेक्निकल) पुरुष-65 के 218 और एसएससी (टेक्निकल) महिला-36 की 35 अफसर कैडेट शामिल रहीं.
ओटीए गया पासिंग आउट परेड में दिखा शानदार सैन्य अनुशासन
पासिंग आउट परेड के समीक्षा अधिकारी वियतनाम पीपुल्स आर्मी के जनरल स्टाफ के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल ले वान हुओंग रहे. परेड के दौरान अफसर कैडेटों ने सटीक, कुशल और समन्वित ड्रिल का प्रदर्शन किया. कदमों की एकरूपता और सैन्य अनुशासन से सजे प्रदर्शन ने समारोह में मौजूद लोगों में गर्व और उत्साह भर दिया.
पितृपक्ष मेला 2026 को लेकर गया में तैयारियां तेज, सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक पुख्ता इंतजाम
पी. शशि कुमार को मिला स्वॉर्ड ऑफ ऑनर
परेड की कमान अकादमी अंडर अफसर पी. शशि कुमार ने संभाली. प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें स्वॉर्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया. उन्होंने समग्र योग्यता क्रम में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक भी जीता. पी. शशि कुमार को गोरखा राइफल्स में कमीशन मिला.
दीपक सिंह रावत ने हासिल किया दूसरा स्थान
समग्र योग्यता क्रम में बटालियन अंडर अफसर दीपक सिंह रावत दूसरे स्थान पर रहे. उन्हें रजत पदक प्रदान किया गया और राजपूत रेजिमेंट में कमीशन मिला. वहीं अकादमी कैडेट एडजुटेंट नवनीत सिंह ने तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता. उन्हें पैरा स्पेशल फोर्सेस में कमीशन प्रदान किया गया.
कालीधर कंपनी बनी समग्र चैंपियन
प्रशिक्षण के दौरान शानदार प्रदर्शन के लिए कालीधर कंपनी को समग्र चैंपियन कंपनी चुना गया. कंपनी को थल सेनाध्यक्ष बैनर प्रदान किया गया. इस उपलब्धि ने कंपनी के कैडेटों के लिए समारोह को और यादगार बना दिया.
नए सैन्य अधिकारियों को नवाचार अपनाने की सलाह
समीक्षा अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल ले वान हुओंग ने नए कमीशन प्राप्त अधिकारियों को संबोधित किया. उन्होंने नवाचार अपनाने, ज्ञान को लगातार उन्नत करने और उभरती तकनीकों में दक्षता हासिल करने का आह्वान किया. उन्होंने तेजी से बदलते युद्धक्षेत्र के अनुरूप खुद को ढालने और उद्देश्यपूर्ण तथा दूरदर्शी नेतृत्व विकसित करने पर जोर दिया.
शांति और युद्ध दोनों परिस्थितियों के लिए तैयार रहने का संदेश
लेफ्टिनेंट जनरल ले वान हुओंग ने कहा कि नए अधिकारियों को भारतीय सेना की गौरवशाली परंपराओं और मूल्यों को बनाए रखना चाहिए. उन्होंने शांति और युद्ध दोनों परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने पर जोर दिया.
सितारे सजते ही भावुक हुए परिवार
पिपिंग समारोह नए अधिकारियों और उनके परिवारों के लिए बेहद भावुक कर देने वाला रहा. महीनों की कठिन ट्रेनिंग और मेहनत के बाद जब बिगुल की धुन के बीच उनके कंधों पर अधिकारी के सितारे सजे, तो परिवारों का गर्व देखते ही बन रहा था. इस दौरान परिसर भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा.
253 नए अधिकारियों ने ली राष्ट्रसेवा की शपथ
अकादमी एडजुटेंट लेफ्टिनेंट कर्नल प्रखर धागट ने नव-कमीशन प्राप्त अधिकारियों को राष्ट्रसेवा और सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई. शपथ के साथ ही 253 युवा अधिकारियों ने भारतीय सेना में सम्मान, कर्तव्य और राष्ट्रसेवा से भरे नए अध्याय की शुरुआत की.
