बिहार में मेडिकल टेक्नीशियन की पीट-पीट कर हत्या, एंबुलेंस पलटने से नाराज थे मरीज के परिजन

Murder in Bihar: वारदात गया जिले के बथानी की है. 30 साल के मृतक का नाम कुंदन कुमार बताया जा रहा है. इस पूरे मामले में मरीज के परिजनों और आसपास के लोगों पर पीटने का आरोप लगा है.

Murder in Bihar: गया. बिहार में एक एंबुलेंस के पलट जाने के बाद मरीज के आक्रोशित परिजनों ने एंबुलेंस में मौजूद ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) की पीट-पीट कर हत्या कर दी. वारदात गया जिले के बथानी की है. 30 साल के मृतक का नाम कुंदन कुमार बताया जा रहा है. इस पूरे मामले में मरीज के परिजनों और आसपास के लोगों पर पीटने का आरोप लगा है. कुंदन कुमार नालंदा जिला के परवलपुर थाना क्षेत्र के एक सारी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है. इस मामले में एक प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. पुलिस मरीज के परिजनों से पूछताछ कर रही है.

गुस्साये परिजनों ने पीट-पीट कर मार डाला

जानकारी के अनुसार, बथानी थाना क्षेत्र के ढकनी बी से एक मरीज को लाने के लिए यह एम्बुलेंस गया था. मरीज को एम्बुलेंस में रखने के बाद जब गाड़ी को बैक किया जा रहा था, इसी दौरान मरीज सहित एंबुलेंस पलट गयी. एंबुलेंस पलटने पर ईएमटी कुंदन कुमार ने दूसरे एंबुलेंस के लिए अस्पताल को फोन किया. इस बीच, इसके बाद मरीज के परिजन और कुछ स्थानीय लोग भड़क गए. एम्बुलेंस पलटने की जानकारी मिलते ही वहां पर ग्रामीण जुट गये. उग्र होती भीड़ को देखकर ड्राइवर और मृतक कुंदन वहां से भागने लगे. ड्राइवर ने बताया कि वह खेत के रास्ते भागा, जबकि कुंदन सड़क के रास्ते भागने कोशिश में पकड़ा गया. वहां पर कुछ लोगों ने उसे पकड़ कर पीटना शुरू कर दिया.

जांच में जुटी पुलिस

दूसरा एंबुलेंस लेकर जब 112 की टीम के साथ एंबुलेंसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा गया कि सड़क पर कुंदन अधमरा स्थिति में पड़ा हुआ था. उसे आनन-फानन में बिहार शरीफ के एक निजी क्लीनिक में ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. एंबुलेंस में मौजूद गर्भवती महिला को 112 की टीम ने अस्पताल पहुंचा. इस मामले में एक प्राथमिकी दर्ज की गयी है. नीमचक बथानी थाना ने कुंदन के शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल अस्पताल भेजा है. इस घटना को लेकर कुंदन के परिजन में कोहराम मचा हुआ है. वहीं अस्पताल के कर्मी इस घटना को लेकर स्तब्ध है. पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है. अब तक मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में पुलिस अब एंबुलेंस बुलानेवाली आशा देवी से पूछताछ कर रही है.

Also Read: एक माह में तीन एनकाउंटर, चार अपराधी ढेर, नये डीजीपी के आते ही बिहार पुलिस ने बदले तेवर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashish Jha

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >