ऑपरेशन अमानत के तहत गया आरपीएफ ने यात्री का ट्रेन में छूटा पियानो स्टैंड व अन्य सामान बरामद कर सुरक्षित रूप से उसे सौंप दिया. आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने बताया कि कृष्णा तिवारी कानपुर से गया की यात्रा गाड़ी संख्या 12398 महाबोधि एक्सप्रेस से कर रहे थे.
गया जंक्शन पर उतरने के दौरान उनका काले रंग की खोली में रखा पियानो स्टैंड कोच संख्या एम-2 की सीट संख्या 16 के नीचे छूट गया.
रेल मदद के जरिए मिली शिकायत पर त्वरित एक्शन
यात्री ने रेल मदद के माध्यम से इसकी सूचना रेलवे को दी. सूचना मिलने पर आरपीएफ पोस्ट गया के ड्यूटी अधिकारी एएसआई राम सेवक ने यात्री से संपर्क किया.
वाशिंग पिट में जांच के दौरान मिला पियानो स्टैंड
ट्रेन के वाशिंग पिट पहुंचने के बाद ड्यूटी पर तैनात एसके राय ने कोच की जांच कर पियानो स्टैंड बरामद किया और आरपीएफ पोस्ट गया में जमा कराया.
सत्यापन के बाद यात्री को सुरक्षित सौंपा गया सामान
बाद में यात्री पहचान पत्र और यात्रा टिकट लेकर पोस्ट पहुंचे. सत्यापन के बाद पियानो स्टैंड उन्हें सुरक्षित सौंप दिया गया. इसकी अनुमानित कीमत करीब तीन हजार रुपये बतायी गयी है. यात्री ने आरपीएफ के प्रति आभार जताया.
