गया जी: मगध मेडिकल के ICU में शॉर्ट-सर्किट से हड़कंप, कर्मियों की सतर्कता से टला हादसा

मगध मेडिकल अस्पताल के ICU में मॉनिटर के चार्जर से शॉर्ट सर्किट होने से हड़कंप मच गया. कर्मचारियों की सतर्कता से एक बड़े हादसे को टाल दिया गया. वहीं, तीन दिनों से ICU का AC बंद होने से मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

मगध मेडिकल के आईसीयू में शॉर्ट सर्किट से उठा धुआं, कर्मचारियों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

Gaya ji News : गया के मगध मेडिकल अस्पताल की इमरजेंसी स्थित आईसीयू में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट के कारण मॉनिटर के चार्जर से धुआं निकलने लगा. मौके पर मौजूद तकनीशियन की सूझबूझ से तत्काल बिजली का मेन स्विच बंद कर दिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. वहीं, पिछले तीन दिनों से आईसीयू का एसी बंद रहने से मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

मॉनिटर के चार्जर से निकला धुआं, बंद की गई बिजली

अस्पताल की इमरजेंसी के प्रथम तल स्थित आईसीयू में अचानक मॉनिटर के चार्जर से धुआं निकलने लगा. ड्यूटी पर तैनात वेंटिलेटर तकनीशियन दीपक कुमार ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मेन स्विच ऑफ कर दिया. इसके बाद बिजली मिस्त्री को बुलाकर चार्जर के सर्किट की मरम्मत कराई गई. कर्मचारियों का कहना है कि समय रहते बिजली नहीं काटी जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था.

तीन दिनों से बंद है आईसीयू का एसी

आईसीयू में भर्ती मरीजों की देखभाल कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से एसी खराब पड़ा है. इसके कारण मशीनों से निकलने वाली गर्मी के बीच मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है. डॉक्टरों को राउंड के दौरान कमरे का दरवाजा खोलकर जांच करनी पड़ती है ताकि अंदर कुछ राहत मिल सके.

एजेंसी पर रखरखाव में लापरवाही का आरोप

अस्पताल सूत्रों के अनुसार तकनीकी उपकरणों और विद्युत व्यवस्था के रखरखाव की जिम्मेदारी विभाग द्वारा नियुक्त एजेंसी के पास है. कर्मचारियों का कहना है कि खराबियों की सूचना कई बार दी गई, लेकिन समय पर मरम्मत नहीं होने से ऐसी स्थिति उत्पन्न हो रही है. एसी खराब होने की जानकारी भी संबंधित एजेंसी को दे दी गई है.

उपाधीक्षक बोले- एजेंसी की देरी की होगी शिकायत

अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. प्रवीण कुमार अग्रवाल ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण मॉनिटर के चार्जर से धुआं निकला था, लेकिन कर्मचारियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया. उन्होंने कहा कि आईसीयू का एसी जल्द ठीक कराने का निर्देश दिया गया है. साथ ही, विभिन्न स्थानों पर एसी मरम्मत में हो रही देरी को लेकर संबंधित एजेंसी की शिकायत वरीय अधिकारियों से की जाएगी.

Also Read : पटना से गया जी समेत इन 4 शहरों के बीच दौड़ेगी रैपिड रेल, जानिए क्या है RRTS और कैसे बदलेगी यात्रा?


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Jitendra mishra

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >