Gaya Ji Magadh Medical Hospital : गया के मगध मेडिकल अस्पताल की बदहाल व्यवस्था पर डीएम शशांक शुभंकर ने सख्त रुख अपनाया है. बुधवार को औचक निरीक्षण के दौरान वार्डों में गंदगी, मरीजों को मिलने वाले खराब भोजन और रात में डॉक्टरों की अनुपस्थिति पर डीएम ने नाराजगी जतायी.
छह हॉस्पिटल मैनेजरों का वेतन किया बंद
निरीक्षण के दौरान मिली खामियों पर डीएम ने तत्काल प्रभाव से छह हॉस्पिटल मैनेजरों का वेतन बंद कर उनसे स्पष्टीकरण मांगा है. उन्होंने अस्पताल प्रशासन को 10 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर कड़ी विभागीय कार्रवाई की जायेगी.
निजी एंबुलेंस को अस्पताल परिसर से बाहर करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में निजी एंबुलेंस खड़ी पाये जाने पर डीएम ने उन्हें बाहर निकालने और भविष्य में उनके प्रवेश पर पूर्ण रूप से रोक लगाने का निर्देश दिया. इसके लिए एसडीओ और डीएसपी को भी सख्त निर्देश दिया गया.
मुख्य द्वार पर जलजमाव को लेकर भी दिया निर्देश
मुख्य द्वार पर बारिश का पानी जमा देखकर डीएम ने तुरंत जल निकासी कराने और पेवर ब्लॉक बिछाने का निर्देश दिया. साथ ही इमरजेंसी मेडिसिन और एमसीएच वार्ड में खराब एसी व पंखे सात दिन के भीतर ठीक करने को कहा.
ब्लैक स्पॉट पर रोशनी की व्यवस्था का आदेश
डीएम ने अस्पताल परिसर के "ब्लैक स्पॉट" पर रोशनी की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये.
बाहर से दवा लिखने पर डीएम ने जतायी नाराजगी
नवजात शिशु ओपीडी के निरीक्षण के दौरान डीएम ने डॉक्टरों द्वारा बाहर से दवा लिखे जाने पर गहरी नाराजगी जतायी. उन्होंने अधीक्षक को निर्देश दिया कि मरीजों के लिए सभी जरूरी बेसिक दवाएं अस्पताल में ही उपलब्ध रहें, ताकि मरीजों को बाहर से दवाएं न खरीदनी पड़ें.
24 घंटे में भोजन की गुणवत्ता सुधारने का आदेश
डीएम ने मरीजों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता में 24 घंटे के अंदर सुधार करने का सख्त आदेश दिया. इसके अलावा निर्धारित कलर कोड के अनुसार प्रतिदिन बेडशीट बदलने का भी निर्देश दिया.
सफाई में कोताही पर एजेंसी को पेनल्टी की चेतावनी
अस्पताल में शौचालयों की साफ-सफाई में कोताही बरतने वाली एजेंसी पर पेनल्टी लगाने की चेतावनी दी गयी है. डीएम ने अस्पताल प्रशासन को व्यवस्था में सुधार के लिए तय समय सीमा के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
ALSO READ : गया-पटना रेलखंड पर ट्रेन से गिरकर अज्ञात महिला की मौत, नेयामतपुर के पास मिला शव
