गया जी : जमीन में क्यों दबाया जा रहा मगध मेडिकल हॉस्पिटल का कचरा? पानी खराब होने का आरोप

मगध मेडिकल अस्पताल परिसर में कचरा निस्तारण को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है. मेडिकल और सामान्य कचरे को जमीन में गड्ढा खोदकर दबाया जा रहा है, जिससे भूजल और स्वास्थ्य पर गंभीर खतरे मंडरा रहे हैं.

Medical Waste Dumping Gaya : मगध मेडिकल अस्पताल में मरीजों के इलाज के लिए उपयोग किए जाने वाले परिसर के आसपास भी मेडिकल व सामान्य कचरे के निस्तारण को लेकर सवाल उठ रहे हैं. आरोप है कि कचरे को निस्तारण के लिए भेजने के बजाय कई जगहों पर गड्ढा खोदकर जमीन में दबाया जा रहा है. बताया गया कि यह काम पिछले कई महीनों से किया जा रहा है.

जेसीबी ड्राइवर के अनुसार, वह अब तक 10 से अधिक जगहों पर गड्ढा खोदकर कचरा डाल चुका है. इसके लिए उसे भुगतान किया जाता है. हालांकि, कुछ जगहों से मेडिकल वेस्ट मिला कचरा सिनर्जी प्लांट भी भेजा जा रहा है. बताया गया कि वहां पहुंचने वाले कचरे की मात्रा अस्पताल से रोज निकलने वाले कुल कचरे की करीब आधी है.

डॉक्टरों ने बताया कि किसी भी हालत में मेडिकल वेस्टेज को जमीन में दबाने का काम नहीं किया जा सकता है. स्थानीय जनप्रतिनिधि का आरोप है कि मेडिकल वेस्टेज नीचे दबाने के बाद आसपास का वाटर लेयर प्रदूषित हो रहा है.

जीएनएम ट्रेनिंग सेंटर के पीछे जेसीबी से खुदाई कर डाला जा रहा मेडिकल वेस्टेज | Prabhat Khabar Network

कुछ दिनों तक कुछ डस्टबिन में मेडिकल वेस्टेज रखे जाते थे. उस वक्त इनका कचरा भी निस्तारण के लिए जाता था. लेकिन, अब यह काम पूरी तौर से बंद कर दिया गया है. दोनों ही कचरा एक ही डस्टबिन में रख दिया जाता है.

इसके बाद यह कचरा निगम ने लेना बंद कर दिया है. सिनर्जी प्लांट की मशीन भी कई बार मिक्स कचरा के चलते खराब हो चुकी है.

प्लांट के स्थानीय प्रतिनिधि ने बताया कि मेडिकल से मेडिकल वेस्ट व सामान्य कचरा दोनों एक साथ ही आ रहा है. जितना कचरा यहां आता है उसे नष्ट कर दिया जाता है.

जमीन के अंदर मेडिकल वेस्ट दबाने से हर स्तर पर नुकसान

नियमों के अनुसार, जमीन में गहरे गड्ढे करके कचरा दबाने के लिए अंडरग्राउंड वाटर लेयर को प्रदूषित होने का खतरा हर वक्त बना रहता है. इस तरह के काम से बारिश या नमी के कारण जहरीले रसायन और संक्रमण फैलाने वाले तत्व रिसकर अंडरग्राउंड में मिल जाते हैं, जिससे पीने का पानी दूषित हो जाता है.

एक्सपायर्ड दवाइयां, केमिकल्स व भारी धातुएं मिट्टी में मिलकर उसकी उर्वरता नष्ट कर देती हैं. यह जहरीले तत्व खाद्य श्रृंखला के जरिए फसलों और इंसानों तक पहुंच सकते हैं.

उपयोग की गयी सीरिंज, सुई, खून से सनी पट्टियां और संक्रमित कचरा जमीन के अंदर पूरी तरह नष्ट नहीं होने पर बैक्टीरिया, वायरस (जैसे हेपेटाइटिस बी, एचआइवी) और अन्य रोगाणुओं को बढ़ावा देते हैं. आवारा मवेशी या कचरा बीनने वाले लोग जब ऐसे अनधिकृत डंपिंग स्थलों के संपर्क में आते हैं, तो वे गंभीर चर्म रोग और जानलेवा संक्रमणों का शिकार हो जाते हैं.

एनजीटी व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड जता चुकी है चिंता

मेडिकल वेस्ट ( बायोमेडिकल कचरा ) को जमीन के अंदर दबाने या खुले में फेंकने का कोई प्रावधान नहीं है. यह काम पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचाता है. हाल ही में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ( एनजीटी ) और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ( सीपीसीबी ) की रिपोर्ट में कई जगहों के मेडिकल कचरा के निस्तारण की प्रक्रिया पर गहरी चिंता जतायी है.

नगर निगम के सहायक लोक स्वच्छता पदाधिकारी शुभम कुमार ने बताया कि निगम की ओर से मेडिकल वेस्टेज का निस्तारण के लिए नहीं लिया जा सकता है, क्योंकि उनके कचरे में ही मेडिकल वेस्टेज मिला हुआ रहता है.

शुभम कुमार, सहायक लोक स्वच्छता पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network

उन्होंने कहा कि मेडिकल वेस्टेज के निस्तारण के लिए अलग से प्लांट का निर्माण अस्पताल परिसर में ही किया गया है और मेडिकल वेस्टेज हर हाल में उक्त प्लांट में ही देना है. नियम है कि निगम के कचरे में अगर मेडिकल वेस्टेज मिला हुआ रहता है, तो पांच लाख तक फाइन किया जायेगा.

सभी को गंदगी के लिए उनका ही वार्ड मिला

स्थानीय पार्षद रणधीर कुमार गौतम ने बताया कि मगध मेडिकल अस्पताल की ओर से कचरा को गड्ढा खुदाई कर जमीन में गाड़ने की सूचना उनके पास आयी है. इसके चलते आसपास के इलाके का अंडरग्राउंड वाटर लेयर प्रदूषित होते जा रहा है.

रणधीर कुमार गौतम, स्थानीय पार्षद | Prabhat Khabar Network

बड़ा वार्ड होने के चलते यहां पर अब तक पैसे के अभाव में ढंग से विकास के काम के लिए निगम में हर दिन चिकचिक हो रहा है. पहले से अस्पताल परिसर में बने सिनर्जी वेस्ट प्लांट से लोग परेशान थे और अब दूसरा परेशानी यहां के अस्पताल की ओर से लोगों को गंभीर बीमारी से ग्रसित होने का काम किया जा रहा है.

उन्होंने मांग की कि इस तरह के काम पर जांच कर वहां के अधिकारी व जिम्मेदार एजेंसी पर कार्रवाई करनी चाहिए ताकि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ नहीं किया जा सके.

डॉ प्रवीण कुमार अग्रवाल, उपाधीक्षक, मगध मेडिकल अस्पताल | Prabhat Khabar Network

क्या कहते हैं उपाधीक्षक

मामले पर मगध मेडिकल अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ प्रवीण कुमार अग्रवाल ने बताया कि इस तरह के काम का आदेश अस्पताल प्रशासन की ओर से नहीं दिया गया है. अगर इस तरह का कोई काम एजेंसी करती है, तो उस पर कार्रवाई की जायेगी.

उन्होंने कहा कि इस तरह के काम से प्रदूषण को बढ़ावा मिलता है और इस पर हर हाल में रोक लगायी जायेगी. उपाधीक्षक ने स्पष्ट किया कि अस्पताल प्रशासन की ओर से सफाई व कचरा हटाने की जिम्मेदारी एक एजेंसी को दी गयी है और कचरा उठाना व उसका निस्तारण के लिए भेजना उसी एजेंसी का काम है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By जितेद्र मिश्रा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >