डोभी. डोभी प्रखंड में समृद्धि माइक्रो फाइनेंस कंपनी के नाम पर भोली-भाली ग्रामीण महिलाओं के साथ एक बड़ी ठगी का मामला सामने आया है. ठगों ने सैकड़ों महिलाओं को लोन का लालच देकर टोकन मनी के बहाने लाखों रुपये ऐंठ लिये और रातों-रात दफ्तर बंद कर फरार हो गये. जानकारी के अनुसार, ठगों ने डोभी नगर पंचायत के बुधनी बाजार में अपना एक अस्थायी कार्यालय खोला था. उन्होंने ग्रामीण महिलाओं को प्रलोभन दिया कि यदि वे कूलर, फ्रिज या टीवी जैसे इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदती हैं, तो कंपनी प्रत्येक महिला को 60 हजार रुपये का लोन देगी. इस लुभावने ऑफर के जाल में डोभी और आसपास के गांवों की सैकड़ों महिलाएं फंस गयीं. मंगलवार की सुबह बड़ी संख्या में महिलाएं उत्साह के साथ कार्यालय पहुंचीं. उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक सामान की बुकिंग के लिए टोकन मनी के रूप में पांच-पांच हजार रुपये नकद जमा किये. साथ ही, लोन प्रक्रिया पूरी करने के लिए अपने आधार कार्ड, वोटर कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज भी सौंप दिये. बताया जा रहा है कि ठगों ने कुछ ही घंटों में लाखों रुपये की वसूली कर ली. लेकिन, जब करीब 10 बजे महिलाएं अपना इलेक्ट्रॉनिक सामान लेने वापस दफ्तर पहुंचीं, तो वहां सन्नाटा पसरा था. कार्यालय पर ताला लटक रहा था और कंपनी के सभी अधिकारी और कर्मचारी नदारद थे. कार्यालय बंद देखकर महिलाओं को ठगी का अहसास हुआ. ठगी का शिकार हुईं आशा देवी, कलावती देवी, सुनैना देवी और पार्वती देवी ने बताया कि उन्होंने तुरंत इसकी सूचना डोभी थाने को दी. सूचना मिलते ही डोभी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने एक पुलिस टीम मौके पर भेजी. पुलिस ने भी जांच में कार्यालय को बंद पाया. डोभी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है. प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गयी है और पीड़ित महिलाओं से लिखित आवेदन मांगा गया है. आवेदन मिलते ही ठगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
60 हजार लोन का लालच देकर सैकड़ों महिलाओं से लाखों की ठगी
डोभी प्रखंड में समृद्धि माइक्रो फाइनेंस कंपनी के नाम पर भोली-भाली ग्रामीण महिलाओं के साथ एक बड़ी ठगी का मामला सामने आया है.
