International Yoga Day 2026: गया जी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बोधगया के जयप्रकाश नारायण उद्यान में सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और अतरी विधायक रोमित कुमार ने हिस्सा लिया. दोनों नेताओं ने योग को स्वस्थ जीवन की कुंजी बताते हुए लोगों से इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सामूहिक योगाभ्यास किया.
मानसिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से व्यक्ति तनावमुक्त रहता है और अपने कार्यों को बेहतर तरीके से कर सकता है. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए सोच-समझकर चुना गया है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि योग के माध्यम से पूरी दुनिया में शांति, स्वस्थ जीवन और सकारात्मक सोच का संदेश पहुंचा है. उन्होंने सभी लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की.
संतुलित जीवन की शैली
कार्यक्रम में मौजूद अतरी विधायक रोमित कुमार ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित और स्वस्थ जीवन जीने की एक संपूर्ण जीवनशैली है. उन्होंने लोगों से नियमित योग करने और अपने परिवार को भी इसके लिए प्रेरित करने की सलाह दी. इस दौरान उद्यान का पूरा माहौल योग के रंग में रंगा नजर आया और लोगों ने विभिन्न आसनों का अभ्यास कर निरोग रहने का संकल्प लिया.
