Gaya ji IIM News : बोधगया भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) बोधगया को एएसीएसबी (AACSB) इंटरनेशनल की प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त हुई है. इस उपलब्धि के साथ संस्थान देश के 22 आईआईएम में एएसीएसबी मान्यता हासिल करने वाला छठा आईआईएम बन गया है. साथ ही आईआईएम बोधगया अब विश्व के शीर्ष छह प्रतिशत बिजनेस स्कूलों की श्रेणी में शामिल हो गया है.
1700 से अधिक विद्यार्थी कर रहे हैं अध्ययन
ज्ञान और बोध की भूमि के रूप में प्रसिद्ध बोधगया स्थित आईआईएम में वर्तमान में 1700 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं. संस्थान में फ्लैगशिप एमबीए, एमबीए इन डिजिटल बिजनेस एंड एआई, एमबीए इन हॉस्पिटल एंड हेल्थकेयर मैनेजमेंट, पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड प्रोग्राम इन मैनेजमेंट (आईपीएम), पीएचडी तथा एग्जीक्यूटिव एमबीए सहित कई आवासीय प्रबंधन पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं.
कड़े गुणवत्ता मूल्यांकन के बाद मिली मान्यता
1916 में स्थापित एएसीएसबी इंटरनेशनल दुनिया का सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित बिजनेस एजुकेशन नेटवर्क माना जाता है. इसकी मान्यता बिजनेस शिक्षा में गुणवत्ता का सर्वोच्च मानक मानी जाती है. आईआईएम बोधगया के लिए यह प्रक्रिया अगस्त 2025 में एएसीएसबी साउथ एशिया के प्रमुख प्रताप दास के संस्थान दौरे से शुरू हुई. इसके बाद मार्च 2026 में पीयर रिव्यू टीम के अंतिम मूल्यांकन के बाद संस्थान को यह मान्यता प्रदान की गई.
वैश्विक स्तर पर बढ़ेंगी नई संभावनाएं
आईआईएम बोधगया की निदेशक प्रो. विनिता एस. सहाय ने कहा कि एएसीएसबी मान्यता संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता और गुणवत्ता के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता का प्रमाण है. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स, संकाय सदस्यों, गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है.
