टिकारी में खौफनाक लाइव सुसाइड: पत्नी से झगड़े के बाद वीडियो कॉल पर पति ने लगाया फंदा, कुछ दिन पहले ही की थी बेटी की शादी

जिले के टिकारी थाना क्षेत्र अंतर्गत आमाकुआं गांव में सोमवार देर रात पारिवारिक कलह का एक बेहद खौफनाक अंत देखने को मिला. आपसी विवाद से तंग आकर 45 वर्षीय राकेश मिस्त्री ने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल किया और उसी लाइव कॉल के दौरान फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली.

टिकारी से विजय पांडेय की रिपोर्ट. जिले के टिकारी थाना क्षेत्र अंतर्गत आमाकुआं गांव में सोमवार देर रात पारिवारिक कलह का एक बेहद खौफनाक अंत देखने को मिला. आपसी विवाद से तंग आकर 45 वर्षीय राकेश मिस्त्री ने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल किया और उसी लाइव कॉल के दौरान फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली.

लाइव सुसाइड देख दहशत में आई पत्नी

जानकारी के अनुसार, राकेश मिस्त्री मूल रूप से मजदूरी के लिए दूसरे राज्य में रहता था और हाल ही में उसने अपनी एक बेटी की शादी की थी. परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही किसी पारिवारिक मुद्दे को लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार तनाव चल रहा था. सोमवार की रात यह विवाद इतना बढ़ गया कि राकेश ने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल किया और देखते ही देखते फंदे से झूल गया. घटना को लाइव देखकर दहशत में आई पत्नी ने तुरंत स्थानीय पुलिस और लोगों को सूचना दी.

पुलिस के पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत

सूचना मिलते ही टिकारी पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और राकेश की मौत हो चुकी थी. मृतक अपने पीछे चार बेटियों और दो बेटों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है. इस अचानक और खौफनाक कदम से पूरे परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है.

डिजिटल और वैज्ञानिक साक्ष्यों की जांच शुरू

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को तुरंत अपने कब्जे में ले लिया है. टिकारी थानाध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर यह मामला पूरी तरह आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. चूंकि मामला वीडियो कॉल से जुड़ा है, इसलिए घटनास्थल से डिजिटल साक्ष्य और अन्य वैज्ञानिक सबूत जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) टीम को भी बुलाया गया है. थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पुलिस तकनीकी और पारिवारिक, दोनों पहलुओं से मामले की गहन तफ्तीश कर रही है. मंगलवार देर शाम तक मृतक के परिजनों की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. आवेदन मिलने और साक्ष्यों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRANJAL PANDEY

PRANJAL PANDEY is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >