गया जी के मानपुर में दो दिन में घर खाली करने का नोटिस, आशियाना बचाने अंचल कार्यालय पहुंचीं दर्जनों महिलाएं

गया के मानपुर में फ्लाईओवर निर्माण के लिए घर खाली करने के नोटिस से नाराज दर्जनों महिलाओं ने अंचल कार्यालय पर जमकर प्रदर्शन किया. जानें पूरा मामला.

Gaya Ji News: जिले के मानपुर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए निर्माणाधीन फ्लाईओवर परियोजना अब स्थानीय बाशिंदों के लिए आशियाना छिनने का सबब बन गई है. फ्लाईओवर निर्माण की जद में आ रहे घरों को खाली कराने के लिए मिले नोटिस से आक्रोशित गौरक्षणी मुहल्ले की करीब चार दर्जन महिलाएं बुधवार को मानपुर अंचल कार्यालय पहुंचीं और जमकर विरोध प्रदर्शन किया. अचानक घर उजाड़े जाने की आशंका से परेशान महिलाओं ने अंचल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपने अधिकारों और पुनर्वास की मांग उठाई.

दो दिनों में घर खाली करने का नोटिस, तीन पीढ़ियों से बसावट

प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने कहा कि वे पिछले तीन पीढ़ियों से अधिक समय से गौरक्षणी मुहल्ले में अपने परिवार के साथ जीवन-यापन कर रही हैं. ऐसे में बिना किसी ठोस पुनर्वास व्यवस्था के प्रशासन द्वारा मात्र दो दिनों के भीतर घर खाली करने का सार्वजनिक नोटिस जारी कर देना पूरी तरह अन्यायपूर्ण है. नोटिस जारी होने के बाद से ही परिवारों पर बेघर होने का संकट मंडराने लगा है, जिससे महिलाएं और बच्चे मानसिक तनाव व दहशत के माहौल में जीने को विवश हैं.

स्थानीय प्रशासन से लेकर सदर एसडीओ तक नहीं हुई सुनवाई

पीड़ित महिलाओं ने बताया कि जब से फ्लाईओवर निर्माण के लिए मकान तोड़े जाने की बात सामने आई है, तब से वे लगातार प्रशासनिक दफ्तरों के चक्कर काट रही हैं. अपने आशियाने को बचाने और उचित मुआवजे या वैकल्पिक व्यवस्था की गुहार लेकर वे स्थानीय अंचल प्रशासन से लेकर सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) तक से मिल चुकी हैं. महिलाओं का आरोप है कि वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर अपनी पूरी पीड़ा बयां करने के बावजूद अब तक प्रशासन की ओर से कोई भी ठोस पहल या राहत भरा कदम नहीं उठाया गया है.

गौरक्षणी, अबगिला और गया-नवादा मार्ग के लोगों में बेघर होने का भय

मानपुर में बन रहा यह फ्लाईओवर गौरक्षणी, अबगिला और गया-नवादा मुख्य मार्ग के किनारे बसे सैकड़ों परिवारों के लिए गंभीर संकट का कारण बन गया है. प्रदर्शनकारी महिलाओं ने दो टूक कहा कि जब तक प्रशासन उनके पुनर्वास, उचित मुआवजा और रहने की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित नहीं करता, तब तक वे किसी भी कीमत पर अपनी जमीन और मकान खाली नहीं करेंगी. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बलपूर्वक उन्हें उजाड़ने का प्रयास किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By उदयशंकर प्रसाद

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >