गयाजी के 14 केंद्रों पर होमगार्ड क्लर्क भर्ती परीक्षा आज, 7,152 अभ्यर्थी होंगे शामिल, देर से पहुंचे तो नहीं मिलेगी एंट्री

Home Guard Clerk Exam: जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर कुल 7,152 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

गया से हरिबंश कुमार की रिपोर्ट
Home Guard Clerk Exam:
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा बिहार गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में अधिनायक लिपिक पदों पर नियुक्ति के लिए लिखित प्रतियोगिता परीक्षा बुधवार को आयोजित की जाएगी. जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर कुल 7,152 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

सुबह 8:30 बजे तक केंद्र पहुंचना होगा जरूरी

आयोग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार सभी अभ्यर्थियों को सुबह 8:30 बजे तक अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा. निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी परिस्थिति में परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. ऐसे में उम्मीदवारों को समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है.

सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी परीक्षा

अधिनायक लिपिक पद के लिए आयोजित लिखित प्रतियोगिता परीक्षा एक ही पाली में होगी. परीक्षा का समय सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित किया गया है. परीक्षा के दौरान आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा.

कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए प्रशासन अलर्ट

जिलाधिकारी शशांक शुभंकर और वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संचालन के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं. प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोका जा सके.

परीक्षा की होगी वीडियोग्राफी

आयोग ने परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था की है. परीक्षा समाप्त होने के तुरंत बाद केंद्राधीक्षकों को वीडियोग्राफी की रिकॉर्डिंग की सीडी आयोग को उपलब्ध करानी होगी. इसके साथ ही परीक्षा संचालन से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन भी उसी दिन आयोग को भेजना अनिवार्य किया गया है.

डीएम बने मुख्य संयोजक तो एडीएम को मिली बड़ी जिम्मेदारी.

परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिलाधिकारी शशांक शुभंकर को मुख्य संयोजक बनाया गया है. वहीं अपर समाहर्ता (एडीएम) पारितोष कुमार को सहायक संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है. सभी केंद्राधीक्षकों को आयोग की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं.

इन 14 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा

  • अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज, कटारी हिल रोड
  • टी मॉडल इंटर स्कूल, जीबी रोड
  • महावीर इंटर कॉलेज, स्वराजपुरी रोड
  • प्लस टू हरिदास सेमिनरी, गया
  • प्रोजेक्ट गर्ल्स प्लस टू हाईस्कूल, बोधगया
  • प्लस टू हाईस्कूल, चंदौती
  • प्लस टू कासमी हाईस्कूल, गया
  • प्लस टू हाईस्कूल, रसूलपुर
  • प्लस टू हाईस्कूल, बोधगया
  • राजकीय कन्या प्लस टू विद्यालय, रमना
  • रामरुचि बालिका इंटर स्कूल, गया
  • अनुग्रह कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गया
  • उर्कमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गौरी कन्या
  • प्लस टू गया हाईस्कूल, न्यू करीमगंज

अभ्यर्थियों से प्रशासन की अपील

प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पहुंचें और आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें. किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जा सकती है.

गयाजी में आज परीक्षा को लेकर रहेगा हाई अलर्ट

गयाजी में परीक्षा को लेकर प्रशासन ने हाई अलर्ट रखा है. 7,152 अभ्यर्थियों की परीक्षा को देखते हुए गया जिला प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतजाम किए हैं. परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त कराने के लिए प्रशासन हर स्तर पर सतर्क नजर आ रहा है.

Also Read: गयाजी में 7 मदरसों और 6 संस्कृत स्कूलों की होगी जांच, शिक्षा विभाग ने दिया 10 दिन का अल्टीमेटम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sakshi kumari

साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >