Gaya Ji News : शराब, बालू व गिट्टी लदे वाहनों से कथित रूप से नियमित अवैध वसूली कराये जाने के आरोप में गुरारू थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार को पद से हटा दिया गया है. इस संबंध में वरीय पुलिस अधीक्षक, गया कार्यालय से आदेश जारी किया गया है.
आईजी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी ने की मामले की जांच
आदेश के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक, मगध क्षेत्र, गया द्वारा प्राप्त सूचना के आधार पर मामले की जांच करायी गयी थी. जांच में गुरारू थाना क्षेत्र में अवैध वसूली से जुड़े आरोपों की पड़ताल की गयी. पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), गया द्वारा समर्पित जांच प्रतिवेदन में मामले से संबंधित तथ्यों का उल्लेख किया गया है.
चौकीदार के पुत्र के माध्यम से अवैध वसूली कराने की बात आई सामने
जारी आदेश में कहा गया है कि चौकीदार दुर्गा पासवान के पुत्र ललन कुमार के माध्यम से अवैध वसूली कराये जाने की बात सामने आयी है. प्राप्त तथ्यों के आधार पर थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार व संबंधित व्यक्ति का आचरण संदिग्ध पाया गया.
Also Read : बोधगया के प्राचीन श्रीजगन्नाथ मंदिर का प्रबंधन अब मठ के हाथ, धार्मिक न्यास पर्षद ने जारी किया आदेश
24 घंटे में पुलिस केंद्र में योगदान देने का निर्देश
इसके बाद तत्काल प्रभाव से अखिलेश कुमार को गुरारू थानाध्यक्ष के पद से हटाते हुए पुलिस केंद्र, गया भेज दिया गया है. उन्हें 24 घंटे के अंदर पुलिस केंद्र में योगदान देने का निर्देश दिया गया है. सरकारी मोबाइल नंबर को एसआई पूजा कुमारी को सौंपा गया है.
