गया जी से अमिताभ रंजन की रिपोर्ट
Gayaji News: गयाजी के खिजरसराय के सरबहदा थाना क्षेत्र के नरौनी गांव में चोरों ने मुख्यमंत्री सुरक्षा में तैनात जवान के घर के बाहर खड़ी बोलेरो चोरी कर ली. देर रात हुई इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है. खास बात यह है कि चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है.
CM सुरक्षा में तैनात जवान के घर से चोरी
जानकारी के अनुसार, बोलेरो वाहन सीएम सुरक्षा में तैनात जवान सौरभ कुमार के परिवार का था. वाहन उनके पिता अशोक कुमार के घर के दरवाजे पर खड़ा था. देर रात अपराधियों ने उसी वाहन को निशाना बनाया और लेकर फरार हो गए. घटना सामने आने के बाद परिवार में दहशत का माहौल है.
कार से पहुंचे बदमाशों ने 20 मिनट तक की रेकी
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 12:15 बजे एक मारुति कार से कुछ लोग नरौनी गांव पहुंचे. बदमाशों ने लगभग 20 मिनट तक इलाके की गतिविधियों पर नजर रखी. इसके बाद रात 12:35 बजे वे बोलेरो लेकर फरार हो गए. पूरी वारदात कैमरे में कैद हो गई है.
सुबह दरवाजे से गायब मिली बोलेरो
परिजनों को चोरी की जानकारी तब हुई जब सुबह करीब तीन बजे उनकी नींद खुली. दरवाजे पर खड़ी बोलेरो गायब थी. काफी खोजबीन के बाद भी वाहन का कोई पता नहीं चला. इसके बाद पूरे गांव में वाहन चोरी की खबर फैल गई. वाहन मालिक सौरभ कुमार वर्तमान में मुख्यमंत्री सुरक्षा ड्यूटी में तैनात हैं, उनकी ओर से उनके पिता अशोक कुमार ने सरबहदा थाना को सूचना दी. बाद में सौरभ कुमार ने भी लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
थाना प्रभारी निशा कुमारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही वाहन चोरी गिरोह का खुलासा किया जाएगा. स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. घरों के बाहर खड़े वाहनों को अपराधी आसानी से निशाना बना रहे हैं. इस घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
Also Read: गयाजी में केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी की अध्यक्षता में हुई बड़ी बैठक, इन मुद्दों पर हुई चर्चा
