Gayaji News: (गयाजी से रौशन कुमार) जिले के नीमचक बथानी थाना क्षेत्र के बहोरमाडीह गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान पुलिस ने एक देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किया है. आरोपित पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया. मामले में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
जमीनी विवाद में मारपीट
मिली जानकारी के अनुसार, बहोरमाडीह गांव में जमीन विवाद को लेकर एक पक्ष के शशिभूषण डॉउन उर्फ राजू यादव और उसके चचेरे भाई के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया. घटना की सूचना डायल 112 पुलिस टीम को दी गई.
पुलिस को देखते ही हथियार फेंककर भागा आरोपित
सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही आरोपित शशिभूषण डॉउन उर्फ राजू यादव अपने पास मौजूद देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस फेंककर भागने लगा. पुलिस टीम ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह फरार होने में सफल रहा.
मौके से बरामद हुआ हथियार
बथानी डीएसपी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद कर थाना लाया है. आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read:Gayaji News: गयाजी में आरपीएफ की छापेमारी, फर्जी तरीके से टिकट खरीद-बिक्री करने वालों पर शिकंजा
