बोधगया से कलेन्द्र प्रताप की रिपोर्ट
Gayaji News: गयाजी जिले के बोधगया में एक प्लंबर के बैंक खाते में 294 करोड़ रुपये आने की खबर ने पूरे दिन सोशल मीडिया और विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म पर सुर्खियां बटोरीं. हालांकि पुलिस जांच में यह दावा पूरी तरह फर्जी और भ्रामक निकला. गया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संबंधित खाते में करोड़ों नहीं, बल्कि मात्र 429 रुपये 84 पैसे ही मौजूद थे. मामले की जांच के बाद पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर विश्वास नहीं करने की अपील की है.
294 करोड़ रुपये आने की खबर से बढ़ गई थी हलचल
बोधगया थाना क्षेत्र के मस्तपुरा गांव निवासी प्लंबर और इलेक्ट्रिशियन विकास कुमार के बैंक खाते में 294 करोड़ रुपये आने की खबर शुक्रवार को तेजी से वायरल हुई. देखते ही देखते यह मामला सोशल मीडिया से लेकर कई मीडिया प्लेटफॉर्म तक चर्चा का विषय बन गया.
साइबर थाने ने शुरू की जांच
खबर सामने आने के बाद साइबर थाना सक्रिय हुआ और मामले की सत्यता की जांच शुरू की गई. विकास कुमार के आवेदन के आधार पर संबंधित खाते का तकनीकी सत्यापन कराया गया. पुलिस ने बैंक खाते की पूरी जांच कर वास्तविक स्थिति का पता लगाया.
जांच में सामने आया चौंकाने वाला सच
गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने प्रेस बयान जारी कर बताया कि जांच के दौरान संबंधित जीओ पेमेंट बैंक खाते में केवल 429 रुपये 84 पैसे ही पाए गए. खाते में 294 करोड़ रुपये आने का दावा पूरी तरह गलत और निराधार साबित हुआ.
एसएसपी ने बताया अफवाह और भ्रामक सूचना
एसएसपी ने कहा कि कुछ मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बिना पुष्टि के खबर प्रसारित कर दी गई थी. जांच में यह पूरी तरह असत्य, भ्रामक और बेबुनियाद पाई गई. उन्होंने कहा कि ऐसी कोई घटना घटित नहीं हुई है.
गया पुलिस ने किया खबर का आधिकारिक खंडन
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट रूप से इस खबर का खंडन करते हुए कहा कि वायरल सूचना का वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है. पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी सूचना को सत्यापित किए बिना उस पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे साझा करें.
सोशल मीडिया पर अफवाहों से सावधान रहने की अपील
गया पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में कई बार अपुष्ट सूचनाएं तेजी से फैल जाती हैं. ऐसे मामलों में आधिकारिक जानकारी का इंतजार करना चाहिए. पुलिस ने नागरिकों से जिम्मेदारीपूर्वक सोशल मीडिया का उपयोग करने की अपील की है.
दिनभर चर्चा में रहा मामला, शाम तक खुल गई सच्चाई
294 करोड़ रुपये खाते में आने की खबर ने दिनभर लोगों का ध्यान खींचा, लेकिन पुलिस की जांच के बाद शाम होते-होते पूरी सच्चाई सामने आ गई. जांच रिपोर्ट ने साबित कर दिया कि वायरल दावा पूरी तरह फर्जी था और खाते में सिर्फ 429 रुपये 84 पैसे ही मौजूद थे.
