गया के शेरघाटी में करैत सांप के डंसने से व्यक्ति की मौत, झाड़-फूंक में बीता समय, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

शेरघाटी के चिताप कला गांव में करैत सांप के डंसने से उपेंद्र साव की मौत हो गई। समय पर अस्पताल न ले जाकर झाड़-फूंक के चक्कर में परिवार ने खोया घर का मुखिया।

शेरघाटी थाना क्षेत्र के चिताप कला गांव में शुक्रवार की रात करैत सांप के डंसने से एक व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान गांव निवासी उपेंद्र साव के रूप में हुई है. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

घर में ही सांप ने बनाया शिकार

परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार की रात करीब 10 बजे उपेंद्र साव को घर में ही करैत सांप ने डंस लिया. सांप के डंसने के बाद परिजन घबरा गए. समय रहते अस्पताल ले जाने के बजाय वे झाड़-फूंक के लिए उसे इधर-उधर लेकर चले गए.

समय पर इलाज नहीं मिलने से बिगड़ी हालत

ग्रामीणों के अनुसार, झाड़-फूंक के चक्कर में उपेंद्र साव को समय पर समुचित चिकित्सा नहीं मिल सकी. इस दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और अंततः उसकी मौत हो गई. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर उसे अस्पताल पहुंचाया जाता तो इलाज मिलने की संभावना थी.

परिवार का इकलौता कमाने वाला था उपेंद्र

ग्रामीणों ने बताया कि उपेंद्र साव बेहद गरीब परिवार से था और घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था. उसके परिवार में पत्नी के अलावा दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं. उसकी मौत के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है.

फूस के घर में रहता था परिवार

ग्रामीणों के मुताबिक उपेंद्र साव का परिवार फूस के घर में रहता है. घटना से एक दिन पहले भी घर में सांप निकला था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि अगले ही दिन सांप घर के मुखिया की जान ले लेगा. घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है.

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने के बाद शेरघाटी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया. पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल अस्पताल, गया भेज दिया है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >