भारतीय सेना के शहीद जवानों की स्मृति और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से गयाजी में आगामी दो अक्तूबर को सिकरिया मोड़ से सीताकुंड तक आयोजित होने वाली 'तर्पण यात्रा' तथा 27 सितंबर से शुरू हो रहे सात दिवसीय 'श्रीमद्भागवत कथा' की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं.
यह जानकारी सेना के धर्म शिक्षक संजीत तिवारी ने श्री रघुनंदन जी सेवा समिति कार्यालय में सोमवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान दी. उन्होंने बताया कि समिति पिछले तीन वर्षों से शहीद जवानों की स्मृति में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन करती आ रही है, लेकिन इस बार का यह आयोजन विशेष रूप से भारतीय सेना के वीर शहीद जवानों को समर्पित रहेगा. उन्होंने कहा कि इस कथा का मुख्य उद्देश्य जनकल्याण के साथ-साथ देश के लिए जान न्यौछावर करने वाले वीर जवानों के प्रति अगाध श्रद्धा और सम्मान प्रकट करना है.
उन्होंने आगे बताया कि जेल रोड स्थित जेल प्रेस कॉलोनी के एक बड़े कंपाउंड में इस भव्य आयोजन को लेकर एक विशाल पंडाल का निर्माण किया जा रहा है. यहां 27 सितंबर से चार अक्तूबर तक श्रीमद्भागवत महापुराण साप्ताहिक ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जाएगा. दो अक्तूबर को कार्यक्रम स्थल से सीताकुंड तक एक भव्य तर्पण यात्रा निकाली जाएगी.
इस तर्पण यात्रा में भगवान की आकर्षक झांकी, सुसज्जित बैंड-बाजे और राष्ट्रीय ध्वज विशेष रूप से शामिल रहेंगे. यात्रा के सीताकुंड पहुंचने पर विधि-विधान के साथ तर्पण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. शहीद जवानों की स्मृति में इस तरह की तर्पण यात्रा और तर्पण का आयोजन गयाजी में पहली बार होने जा रहा है. समिति की ओर से पितृपक्ष महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाला यह पूरा कार्यक्रम पूरी तरह भारतीय सेना के वीर शहीदों को समर्पित रहेगा.
कलश यात्रा के साथ होगी शुरुआत, वृंदावन से पधारेंगे कथा व्यास
श्रीमद्भागवत महापुराण साप्ताहिक ज्ञान यज्ञ की शुरुआत आगामी 27 सितंबर को भव्य कलश यात्रा के साथ की जाएगी. धर्म शिक्षक संजीत तिवारी ने बताया कि महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक कथा का मूल पाठ तथा शाम 3:30 बजे से संध्या 7:30 बजे तक संगीतमय कथा एवं प्रवचन का आयोजन होगा.
इस धार्मिक अनुष्ठान में वृंदावन से पधारने वाले प्रख्यात आचार्य श्री कृष्ण निलेश शास्त्री श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत महापुराण की कथा का रसपान कराएंगे.
कर्नल विक्रम सिंह और गलवान घाटी के वीर सैनिक होंगे शामिल
समिति के कोषाध्यक्ष रंजीत कुमार तिवारी ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए कर्नल विक्रम सिंह इस विशेष अनुष्ठान में शामिल होकर कार्यक्रम को संपन्न कराएंगे.
इसके अलावा, लेह की गलवान घाटी में देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए 16 बिहार बटालियन के वीर सैनिकों के परिजन और अन्य सैनिक भी इस ऐतिहासिक आयोजन में सम्मिलित होंगे. इस अवसर पर संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष राजा मिश्रा, विकास मंत्री धनेश कुमार और पवन कुमार सहित समिति के कई अन्य प्रमुख पदाधिकारी भी उपस्थित रहे.
