Sherghati Girls School Problems(नवीन कुमार मिश्रा) : विकसित भारत समृद्ध बिहार के तहत गया जी जिले के शेरघाटी पीएम श्री प्रोजेक्ट कन्या विद्यालय में आयोजित विद्यार्थी सहयोग शिविर के दौरान छात्राओं ने विद्यालय में वर्ग कक्ष की घोर कमी का मुद्दा उठाया, और छात्राओं ने नए कमरों के निर्माण की मांग करते हुए कहा कि पर्याप्त वर्ग कक्ष नहीं होने से उनकी पढ़ाई में काफी परेशानी हो रही है.
बाल संसद के पदाधिकारियों द्वारा रखी गई बात
विद्यालय के बाल संसद की शिक्षा मंत्री प्रिया कुमारी, सभापति मुन परवीन सहित अन्य छात्राओं ने बताया कि विद्यालय में छात्राओं की संख्या अधिक है, जबकि इसके मुकाबले पर्याप्त कमरे उपलब्ध नहीं हैं, इसलिए अतिरिक्त वर्ग कक्षों का निर्माण कराया जाना बेहद जरूरी है ताकि छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके.
एसडीओ जतिन कुमार द्वारा समाधान और हेल्पलाइन की जानकारी
शिविर में पहुंचे आईएएस अधिकारी सह एसडीओ जतिन कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक और छात्रावास संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा.
Also Read : गया जी : शादी का झांसा देकर वर्षों तक बनाता रहा संबंध, अब शादी से इनकार का आरोप; युवक गिरफ्तार
विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर ऑनलाइन परिवाद दर्ज करने के साथ छात्राएं निशुल्क हेल्पलाइन नंबर 1100 पर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं और दर्ज शिकायतों के निवारण के लिए 30 दिनों की समय-सीमा तय की गई है.
कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं के मध्याह्न भोजन की समस्या
इस दौरान यह भी सामने आया कि कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं को पीएम श्री प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय से जोड़ा गया है और उनकी पढ़ाई अब यहीं हो रही है, लेकिन उनके लिए मध्याह्न भोजन की व्यवस्था अब तक शुरू नहीं की गई है जिस पर ध्यान देने की आवश्यकता है.
शिविर में उपस्थित अन्य गणमान्य लोग
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजकुमार सिंह, कस्तूरबा विद्यालय की वार्डेन रजनी सिंह, शिक्षक प्रदीप दुबे, अमित कुमार और एसआई शिव शंकर गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे.
