पासपोर्ट बनवाने के लिए पटना जाने की जरूरत नहीं, गया जी में 5 दिन लगेगा विशेष शिविर, 275 स्लॉट

गया जी जिले में पासपोर्ट सेवाओं को सुलभ बनाने के लिए दो स्थानों पर विशेष मोबाइल वैन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. बोधगया और शेरघाटी में ये शिविर पासपोर्ट आवेदन और सत्यापन की सुविधा प्रदान करेंगे. यह विदेश मंत्रालय की 'पासपोर्ट आपके द्वार' पहल का हिस्सा है.

Gaya Passport Camp : पासपोर्ट सेवाओं को अधिक सुलभ, सरल एवं नागरिक-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना द्वारा गया जिले में दो स्थानों पर विशेष पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति (बीटीएमसी) परिसर में सोमवार को शिविर आयोजित की गई व मंगलवार को भी यहां शिविर आयोजित होगा.

इसके बाद शेरघाटी अनुमंडल कार्यालय परिसर में 23, 24 एवं 25 सितंबर को यह विशेष शिविर आयोजित होगा. यह पहल विदेश मंत्रालय के प्रमुख जनसंपर्क कार्यक्रम “पासपोर्ट सेवा – पासपोर्ट आपके द्वार” का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है.

विशेष पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर का उद्घाटन करतीं अधिकारी

इसका मुख्य उद्देश्य पासपोर्ट संबंधी सेवाओं को नागरिकों के और अधिक करीब पहुंचाना तथा सार्वजनिक सेवाओं तक आसान एवं समयबद्ध पहुंच सुनिश्चित करना है. जिला प्रशासन के सक्रिय सहयोग से आयोजित इन शिविरों से गया जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को अपने निकट ही पासपोर्ट संबंधी सेवाएं प्राप्त करने का सुनहरा अवसर मिलेगा.

गया जिले में पहली बार पांच दिवसीय विशेष शिविर

इस अवसर पर क्षेत्रीय पासपोर्ट पदाधिकारी ने बताया कि गया जिले में पहली बार पांच दिवसीय विशेष पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर का आयोजन किया जा रहा है. आवेदकों को आवेदन प्रक्रिया के दौरान आवश्यक दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ बायोमेट्रिक की सुविधा भी शिविर स्थल पर ही उपलब्ध होगी.

उन्होंने बताया कि पासपोर्ट के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया बेहद सरल है. इच्छुक आवेदक पहले आधिकारिक पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपना अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं. शिविर स्थल पर आवेदकों के आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा तथा बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

विशेष पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर में पहुंचे आवेदकों से बातचीत करतीं अधिकारी

आवेदन एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत पासपोर्ट तैयार कर सीधे आवेदकों के पते पर भेजा जाएगा. उन्होंने आवेदकों से अपील की है कि वे आवेदन करते समय सही एवं पूर्ण जानकारी दें तथा सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ लेकर निर्धारित समय पर शिविर स्थल पर पहुंचें.

गया में पासपोर्ट आवेदनों में 75.5 प्रतिशत की भारी वृद्धि

गया जिले में पासपोर्ट सेवाओं की लगातार बढ़ती मांग का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2021 में कुल 7,518 पासपोर्ट आवेदन प्राप्त हुए थे, जो वर्ष 2025 में बढ़कर 13,193 हो गए. इस प्रकार इस अवधि में प्राप्त कुल आवेदनों में 75.5 प्रतिशत की भारी वृद्धि दर्ज की गई.

Also Read : गया जी के सरकारी अस्पतालों में 4 दिन में 60 से अधिक सर्जरी, सी-सेक्शन से हार्निया तक का हो रहा इलाज

इसी अवधि में संसाधित किए गए पासपोर्ट आवेदनों की संख्या भी 6,988 से बढ़कर 12,380 हो गई, जो लगभग 77.2 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाती है. आवेदनों की इस बढ़ती संख्या को देखते हुए बोधगया एवं शेरघाटी में आयोजित विशेष शिविर नागरिकों को उनके घर के पास ही पासपोर्ट सेवा उपलब्ध कराने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.

पांच दिनों में कुल 275 अपॉइंटमेंट स्लॉट निर्धारित

बोधगया एवं शेरघाटी में आयोजित होने वाले इन विशेष शिविरों के लिए पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर विशेष रूप से अपॉइंटमेंट स्लॉट जारी किए गए हैं. पांच दिवसीय शिविर के लिए कुल 275 अपॉइंटमेंट स्लॉट उपलब्ध कराए गए हैं, जिसमें प्रतिदिन 55 स्लॉट निर्धारित किए गए हैं.

इनमें बोधगया शिविर के लिए 21 व 22 सितंबर को कुल 110 स्लॉट तथा शेरघाटी शिविर के लिए 23, 24 एवं 25 सितंबर को कुल 165 स्लॉट तय किए गए हैं.

इस सुविधा का लाभ लेने के इच्छुक आवेदक पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर जाकर बोधगया अथवा शेरघाटी को अपनी पसंदीदा अपॉइंटमेंट लोकेशन के रूप में चुनकर अपना अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं. नागरिकों को सलाह दी गई है कि अपॉइंटमेंट केवल आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ही बुक करें और अनधिकृत एजेंटों से सावधान रहें.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कलेंद्र प्रताप सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >