बालू खनन के गड्ढे में डूबा युवक, शव मिलने के बाद भड़के ग्रामीण, बजौरा घाट पर शुरू किया धरना

जिले के डोभी प्रखंड में अवैध बालू उत्खनन एक युवक की मौत का कारण बन गया. निलांजन नदी में बालू खनन से बने गहरे गड्ढे में डूबने से युवक की मौत हो गई.

Gaya News: (डोभी प्रखंड से ओमकार सिन्हा) जिले के डोभी प्रखंड में अवैध बालू उत्खनन एक युवक की मौत का कारण बन गया. निलांजन नदी में बालू खनन से बने गहरे गड्ढे में डूबने से युवक की मौत हो गई. शव मिलने के बाद परिजन और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने शव उठाने से इनकार कर बजौरा घाट पर धरना शुरू कर दिया.

ससुराल जाते समय हादसे का शिकार हुआ युवक

मृतक की पहचान डोभी थाना क्षेत्र के अच्छावां गांव निवासी सुजीत कुमार यादव के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार सुजीत शुक्रवार को अपने ससुराल मखरौर जा रहा था. इसी दौरान निलांजन नदी के पास बालू उठाव से बने गहरे गड्ढे के समीप रास्ता पार करते समय उसका पैर फिसल गया और वह पानी में डूब गया.

रातभर खोजबीन के बाद गहरे गड्ढे में मिला शव

घटना के बाद ग्रामीणों ने युवक की काफी तलाश की. कुछ लोगों को आशंका थी कि वह गया शहर चला गया होगा. लेकिन शनिवार को मखरौर गांव के समीप बालू उत्खनन क्षेत्र में बने गहरे गड्ढे में उसका शव तैरता हुआ मिला. शव मिलने के बाद इलाके में मातम पसर गया.

बालू माफिया और अधिकारियों को बुलाने की मांग

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव बाहर निकाला. पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित लोगों ने शव उठाने से साफ इनकार कर दिया. ग्रामीण बजौरा घाट पर धरना देकर बैठ गए और बालू माफिया व वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे.

इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

समाजसेवी संतोष लाल यादव ने बताया कि मृतक होटल में काम करता था और अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. वह अपने ससुराल का भी इकलौता दामाद था. घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से गई जान

सामाजिक नेता संतोष लाल यादव ने कहा कि जब तक जिम्मेदार अधिकारी और बालू संवेदक मौके पर नहीं आएंगे तब तक शव नहीं उठने दिया जाएगा. उन्होंने आरोप लगाया कि बालू उत्खनन में सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जा रही है, जिसकी वजह से यह दुखद हादसा हुआ.पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है. मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: बेटी के गृह प्रवेश में नवादा गया था परिवार, लौटा तो नजारा देख उड़े होश, जानिए पूरा मामला

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sakshi Kumari

साक्षी कुमारी को डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का अनुभव है. पिछले तीन वर्षों से वह डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. उन्हें राजनीति, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक मुद्दों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव है. बिहार की राजनीति और क्षेत्रीय मुद्दों पर उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता के साथ-साथ उन्हें SEO (Search Engine Optimization) की भी अच्छी समझ है, जिससे वह पाठकों तक समय पर और प्रभावी ढंग से खबरें पहुंचाने में दक्ष हैं. तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार तैयार करना उनकी प्रमुख कार्यशैली है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >