टिकारी दौरे पर आज डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी, 27 करोड़ की योजनाओं का करेंगे शिलान्यास, जानिए पूरा कार्यक्रम

Gaya News: बिहार सरकार के उप मुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी शनिवार को लाव पंचायत के पंचमहला गांव पहुंचकर मोरहर नदी पर बनने वाले पक्का बियर बांध सह चेक डैम निर्माण योजना का शिलान्यास करेंगे.

Gaya News: (रोशन कुमार) जिले के टिकारी प्रखंड में आज बड़ा सरकारी कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है. बिहार सरकार के उप मुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी शनिवार को लाव पंचायत के पंचमहला गांव पहुंचकर मोरहर नदी पर बनने वाले पक्का बियर बांध सह चेक डैम निर्माण योजना का शिलान्यास करेंगे. इस महत्वाकांक्षी योजना पर करीब 27 करोड़ 50 लाख रुपये खर्च किये जायेंगे.

दोपहर चार बजे कार्यक्रम में पहुंचेंगे डिप्टी सीएम

जानकारी के अनुसार डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी शनिवार दोपहर बाद करीब चार बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे. वे जहानाबाद के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शकूराबाद, कुर्था बाजार, संडा, मऊ और टिकारी बाजार होते हुए पंचमहला गांव पहुंचेंगे.

कार्यक्रम स्थल पर सुबह से तैयारियों का दौर

शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. डीएम शशांक शुभंकर के निर्देश पर टिकारी एसडीओ प्रवीण कुंदन, बीडीओ योगेंद्र पासवान, जल संसाधन विभाग के चीफ इंजीनियर और अन्य अधिकारी सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लेते रहे.

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क

डिप्टी सीएम के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है. टिकारी डीएसपी सुशांत कुमार चंचल ने टिकारी सर्किल इंस्पेक्टर और थानाध्यक्ष के साथ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और कई जरूरी दिशा-निर्देश दिये.मोरहर नदी पर बनने वाले इस बियर बांध सह चेक डैम योजना से गया, जहानाबाद और अरवल जिले के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा. योजना पूरी होने के बाद हजारों एकड़ खेतों तक सिंचाई के लिए पानी आसानी से पहुंच सकेगा.

वर्षों से उठ रही थी किसानों की मांग

स्थानीय किसानों और किसान नेता कृष्ण कुमार लंबे समय से इस योजना की मांग कर रहे थे. वे लगातार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित कर रहे थे. वर्ष 2025 में जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने स्थल निरीक्षण कर नदी की मापी भी की थी.

योजना की स्वीकृति से किसानों में खुशी

पूर्व मंत्री डॉ. अनिल कुमार ने किसानों को इस योजना की स्वीकृति दिलाने का आश्वासन दिया था. अब योजना को मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल है. किसानों का कहना है कि योजना पूरी होने के बाद सिंचाई की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी.

दर्जनों गांवों को मिलेगी राहत

इस योजना का लाभ टिकारी प्रखंड के रूपसपुर, संडा, केसपा, चैता, मखदुमपुर समेत आसपास के दर्जनों गांवों के किसानों को मिलेगा. किसानों का कहना है कि अब खेती के लिए पानी की समस्या से राहत मिलेगी और उत्पादन में भी बढ़ोतरी होगी.

Also Read: विधायक ने सीएम सम्राट चौधरी से की मुलाकात, अतरी में पुलिस टीओपी की मांग, 35 किमी दूर है थाना

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sakshi kumari

साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में अपनी करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >